बोकारो: चंद्रपुरा थर्मल पावर प्लांट से ऐश ट्रांसपोर्टेशन का काम कर रही कंपनी पीएमपी इंफ्राटेक लिमिटेड ने हाइवा फूंकने के आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं. कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि अनिल कुमार ने एसपी को आवेदन देकर बताया कि 20 मार्च की रात करीब साढ़े दस बजे भंडारीदह पुल के पास अपराधियों ने वाहन रोककर ड्राइवर के साथ मारपीट की और हाइवा को आग के हवाले कर दिया. इस मामले में चंद्रपुरा थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज है, लेकिन चार दिन बाद भी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है.
Also Read: सरायकेला में EVM–VVPAT वेयरहाउस का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
आरोप और पहले की शिकायतें
आवेदन में मुन्ना कुमार विश्वकर्मा और आशुतोष कुमार उर्फ अंशु राय पर रंगदारी मांगने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है. कंपनी का कहना है कि इससे पहले भी 8 फरवरी, 14 फरवरी और 15 मार्च को पुलिस को लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. इससे अपराधियों के हौसले और बढ़ गए हैं.
काम ठप, भारी नुकसान और मांग
घटना के बाद भय के कारण ऐश ढुलाई का काम पूरी तरह बंद है, जिससे कंपनी को रोजाना करीब 15 लाख रुपये का नुकसान हो रहा है. चंद्रपुरा से छाई नेशनल हाईवे निर्माण के लिए भेजी जा रही है, ऐसे में ट्रांसपोर्टेशन बंद रहने से बिजली उत्पादन पर भी असर पड़ सकता है. कंपनी ने एसपी से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि काम फिर से सुचारू रूप से शुरू हो सके.
