‘मन की बात’ कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा- ‘युद्ध के समय भारत डटकर परिस्थितियों का कर रहा मुकाबला’

Delhi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज, यानी 29 मार्च को मन की बात कार्यक्रम में कहा- ‘मार्च का ये महीना, वैश्विक...

Delhi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज, यानी 29 मार्च को मन की बात कार्यक्रम में कहा- ‘मार्च का ये महीना, वैश्विक स्तर पर बहुत ही हलचल भरा रहा है. हम सबको याद है कि पूरा विश्व भूतकाल में कोविड के कारण एक लंबे समय तक अनेक समस्याओं से गुजरा था.’ हम सभी की अपेक्षा थी कि कोरोना के संकट से निकलने के बाद दुनिया नए सिरे से प्रगति की राह पर आगे बढ़ेगी. लेकिन, दुनिया के अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार युद्ध और संघर्ष की परिस्थितियाँ बनती चली गईं.

ये भी पढ़ें : टीनएजर्स में बढ़ता हार्ट अटैक का खतरा: आर्टरी ब्लॉकेज के संकेत और बचाव के आसान उपाय

“खाड़ी देशों में एक करोड़ भारतीयों को मिल रही मदद”

पीएम मोदी ने कहा वर्तमान में हमारे पड़ोस में एक माह से भीषण युद्ध चल रहा है. हमारे लाखों परिवारों के सगे-संबंधी इन देशों में रहते हैं, खासतौर पर खाड़ी देशों में काम करते हैं. मैं खाड़ी देश का बहुत आभारी हूँ, वे ऐसे एक करोड़ से ज्यादा भारतीयों को वहां पर हर प्रकार की मदद दे रहे हैं.

भारत इन परिस्थितियों का डटकर मुकाबला कर रहा : पीएम मोदी

पीएम मोदी ने आगे कहा- “जिस क्षेत्र में अभी युद्ध चल रहा है, वह क्षेत्र हमारी ऊर्जा आवश्यकताओं का बड़ा केंद्र है. इसकी वजह से दुनिया भर में पेट्रोल और डीजल को लेकर संकट की स्थिति बनती जा रही है. हमारे वैश्विक संबंध, अलग-अलग देशों से मिल रहा सहयोग और पिछले एक दशक में देश का जो सामर्थ्य बना है, इनकी वजह से भारत इन परिस्थितियों का डटकर मुकाबला कर रहा है.

“जो लोग अफवाह फैला रहे, वे देश का नुकसान कर रहे”

उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर यह चुनौतीपूर्ण समय है. मैं आज ‘मन की बात’ के माध्यम से सभी देशवासियों से फिर यह आग्रह करूंगा कि हमें एकजुट होकर इस चुनौती से बाहर निकलना है. जो लोग इस विषय पर भी राजनीति कर रहे हैं, उन्हें राजनीति नहीं करनी चाहिए. यह देश के 140 करोड़ देशवासियों के हित से जुड़ा विषय है, इसमें स्वार्थ भरी राजनीति का कोई स्थान नहीं है. ऐसे में जो भी लोग अफवाह फैला रहे हैं, वे देश का बहुत बड़ा नुकसान कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें : रजत दलाल की गुपचुप शादी, पहली बार दिखी दुल्हनिया के साथ तस्वीरें

अफवाहों के बहकावे में ना आएं : पीएम मोदी

पीएम ने कहा “मैं सभी देशवासियों से अपील भी करूंगा कि वो जागरूक रहें, अफवाहों के बहकावे में ना आएं. सरकार की तरफ से जो आपको निरंतर जानकारी दी जा रही है, उस पर भरोसा करें और उसी पर विश्वास करके कोई कदम उठाएं. मुझे हर बार की तरह इस बार भी विश्वास है कि जैसे हमने देश के 140 करोड़ देशवासियों के सामर्थ्य से पुराने संकटों को हराया था, इस बार भी हम सब मिलकर के इस कठिन हालत से बहुत ही अच्छी तरह बाहर निकल जाएंगे.”

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत लगे करोड़ों पेड़

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से साझा किया कि जब समाज स्वयं पहल करता है, तो छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव की नींव बन जाते हैं. उन्होंने बताया कि देश के विभिन्न हिस्सों में ऐसे कई प्रेरक उदाहरण सामने आ रहे हैं. मोदी ने हाल ही में उत्तर प्रदेश के वाराणसी में हुए एक प्रेरक प्रयास का जिक्र किया. वहां सिर्फ एक घंटे में 2 लाख 51 हजार से अधिक पौधे लगाए गए और इस प्रयास ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम किया. प्रधानमंत्री ने कहा कि इस काम की सबसे खास बात यह थी कि हजारों लोग एक साथ जुड़े. छात्र, जवान, स्वयंसेवी संगठन और विभिन्न संस्थाओं ने मिलकर इसे संभव बनाया। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि यह जनभागीदारी का स्वरूप पहले से ही ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में दिखाई देता है. इस अभियान के तहत पूरे देश में करोड़ों पेड़ लगाए गए हैं, जो पर्यावरण संरक्षण और हरित भारत के लक्ष्य को साकार करने में मदद कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें : पाकुड़ में पुलिस की मौजूदगी में उपभोक्ताओं को वितरित किए जा रहे एलपीजी सिलेंडर

जल संरक्षण के संकल्प को दोहराने का समय : प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से जल संरक्षण को लेकर जागरूक रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि गर्मियों की शुरुआत हो चुकी है और यह समय जल संरक्षण के संकल्प को दोहराने का है. पीएम मोदी ने बताया कि पिछले 11 वर्षों में ‘जल संचय अभियान’ ने देशभर में लोगों को जल संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूक किया है. इस अभियान के तहत करीब 50 लाख कृत्रिम जल संचयन संरचना बनाए गए हैं. प्रधानमंत्री ने खुशी व्यक्त की कि अब गांव-गांव में सामुदायिक स्तर पर जल संकट से निपटने के प्रयास शुरू हो गए हैं. कई स्थानों पर पुराने तालाबों की सफाई की जा रही है और बरसात के पानी को सहेजने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं. मोदी ने बताया कि अमृत सरोवर अभियान के तहत देशभर में लगभग 70 हजार अमृत सरोवर बनाए गए हैं. बारिश का मौसम आने से पहले इन सरोवरों की साफ-सफाई भी शुरू हो गई है, जिससे जल संरक्षण और बेहतर जल प्रबंधन को बढ़ावा मिलेगा.

बारिश के पानी को सहेजने की जरूरत : पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि त्रिपुरा की जंपुई पहाड़ियों में स्थित वांगमुन गांव 3000 फीट की ऊंचाई पर बसा है और कभी पानी की गंभीर कमी से जूझ रहा था. गर्मियों में गांव के लोग पानी के लिए लंबी दूरी तय करते थे. प्रधानमंत्री ने बताया कि गांव वालों ने बारिश के पानी को सहेजने का संकल्प लिया. आज लगभग हर घर में रूफटॉप रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित हो गया है और यह गांव अब जल संरक्षण की प्रेरक मिसाल बन चुका है. मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में किसानों ने छोटे रिचार्ज तालाब और सोखता गड्ढे बनाकर बारिश के पानी को खेतों में संरक्षित किया. इससे पानी धीरे-धीरे जमीन के अंदर चला गया. प्रधानमंत्री ने बताया कि आज इस मॉडल को 1200 से अधिक किसान अपना चुके हैं और क्षेत्र का ग्राउंड वॉटर लेवल काफी बेहतर हो गया है. प्रधानमंत्री ने तेलंगाना के मंचेरियाल जिले के मुधिगुंटा गाँव का उदाहरण भी साझा किया. गांव के 400 परिवारों ने अपने घरों में सोख गड्ढे बनाए और पानी संरक्षण का एक जन-आंदोलन खड़ा किया.

पीएम मोदी ने देशवासियों से स्वास्थ्य पर ध्यान देने को कहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से फिटनेस और स्वास्थ्य पर ध्यान देने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस अब 100 दिन से भी कम समय में आने वाला है और पूरी दुनिया में योग के प्रति आकर्षण लगातार बढ़ रहा है. प्रधानमंत्री ने बताया कि अफ्रीका के जिबूती में अल्मिस जी अपने अरविंद योग सेंटर के माध्यम से योग को बढ़ावा दे रहे हैं. वे वहां के कई और स्थानों पर भी लोगों को योग सिखाते हैं और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाते हैं.

“MY Bharat संगठन युवा पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण से जोड़ रहा”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है. उन्होंने बताया कि जब देश के युवाओं की शक्ति राष्ट्र निर्माण में जुड़ती है, तो इससे देश को बहुत बड़ी मदद मिलती है. इस दिशा में MY Bharat संगठन युवा पीढ़ी को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा रहा है. प्रधानमंत्री ने MY Bharat द्वारा आयोजित Budget Quest का उदाहरण देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य युवाओं को बजट प्रक्रिया और नीति निर्माण से जोड़ना था. इस क्विज़ में देशभर से लगभग 12 लाख युवाओं ने भाग लिया. इसके बाद करीब 1,60,000 प्रतिभागियों को निबंध प्रतियोगिता के लिए चुना गया. पीएम मोदी ने इनमें से कुछ निबंध पढ़ने का भी अनुभव साझा किया.

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *