जमशेदपुर: चोरी के शक में युवक को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा

जमशेदपुर: जिले के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत कानू भट्टा इलाके से भीड़ तंत्र की एक बेहद विचलित करने वाली तस्वीर सामने आई...

जमशेदपुर: जिले के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत कानू भट्टा इलाके से भीड़ तंत्र की एक बेहद विचलित करने वाली तस्वीर सामने आई है. यहां कानून को ताक पर रखकर स्थानीय लोगों ने चोरी के संदेह में एक युवक की बर्बरतापूर्वक पिटाई कर दी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में तनाव और चर्चा का माहौल है. जानकारी के अनुसार, देर रात एक संदिग्ध युवक चोरी की नीयत से कानू भट्टा स्थित एक मकान में दाखिल हुआ था. घर के अंदर कुछ आहट होने पर परिजनों की नींद खुल गई. शोर मचाने पर आसपास के पड़ोसी भी मौके पर जमा हो गए और युवक को चारों तरफ से घेर लिया. युवक ने भीड़ को देख भागने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित लोगों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया. स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देने या युवक को कानून के हवाले करने के बजाय खुद ही न्याय करने का फैसला कर लिया. भीड़ ने युवक को बीच सड़क पर एक बिजली के खंभे से बांध दिया. इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने लात-घूंसों और डंडों से उसकी पिटाई कर दी. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में युवक जान की भीख मांगता दिख रहा है, लेकिन आक्रोशित भीड़ उस पर जरा भी रहम नहीं दिखा रही है. कई लोग मूकदर्शक बनकर तमाशा देखते रहे, तो कुछ अपने मोबाइल फोन से इसका वीडियो बनाते नजर आए.घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो का न्यूज वेव झारखंड कोई पुष्टि नहीं करता है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *