Ranchi: सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि यह बजट सिर्फ आंकड़ा ही नहीं सरकार के काम करने के बेहतर प्रबंधन का नतीजा है. इसी आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहे हैं. नीति आयोग ने भी झारखंड के वित्तीय प्रबंधन को बेहतर बताया है. 2018 में हम वित्तीय प्रबंधन के मामले में देश में 13 वें स्थान पर थे. आज झारखंड देश में तीसरे नंबर पर है. विपरित परिस्थिति में चीजों को मुकाम तक पहुंचाया गया है. हम जो कहते हैं वो करते हैं. झारखंड रूका नहीं है, झुका नहीं है, आगे बढ़ता रहा है.

36 लाख लोगों को सर्वजन पेंशन का लाभ : हेमंत
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा शासन काल में राज्य में 12 लाख लोगों को पेंशन मिलता था. आज 36 लाख लोगों को सर्वजन पेंशन का लाभ मिल रहा है. मईंया योजना मिसाल बन गई है. विपक्ष के राज्यों में यह चुनावी वादा बनकर रह गया. 50 लाख से अधिक महिलाओ को मईंया सम्मान योजना का लाभ मिल रहा है. अब तक 20 करोड़ रुपए महिलाओ के खाते में जा चुकी है. सबसे अधिक महिलाओ और बच्चियों के लिए 14065 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है. कुल 34 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान महिला सशक्तिकरण के लिए है. कुछ लोग कहते है कि राजनीति हो रही है. अगर यही राजनीति है तो होना भी चाहिए. अगर राजनीति की संज्ञा देते हैं तो यही राजनीति है. महिलाएं अब निर्णय लेने वाली शक्ति बन गई है. आने वाले समय में ऐसी कई कार्ययोजनाएं चरणबद्ध तरीके से धरातल पर उतरेंगी.
“जोहार योजना शुरू होगी, युवाओ को मिलेगा पांच करोड़ का कैपिटल इंसेंटिव”
हेमंत सोरेन ने कहा कि जोहार योजना का दूसरा चरण शुरू होगा. अगले तीन साल में युवाओ को आजीविका और उद्यमिता के क्षेत्र में बढ़ावा दिया जाएगा. पांच करोड़ का कैपिटल इंसेंटिव भी दिया जाएगा. एचएचजी के महिलाओ द्वारा उत्पादित वस्तुओं को पलाश ब्रांड के जरिए ग्लोबल लेवल पर पहुंच बनाया जा रहा है. हमारी सरकार अवसर देने वाली है. ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी तो राज्य मजबूत होगा. सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में 9500 सीटों के विरूद्ध 35 से 36 हजार आवेदन आए. इसका परिणाम भी सामने दिख रहा है. इस स्कूल के 40 बच्चों का इंजीनियरिंग में दाखिला हुआ है. 100 उत्कृष्ट विद्यालय पांच नए आवासीय विद्यालय, 23 इंजीनियरिंग कॉलेज, 12 नए डिग्री कॉलेज के साथ हर जिले में लाइब्रेरी की स्थापना की जाएगी. चतरा में डॉ भीमराव अंबेदकर यूनिवर्सिटी की स्थापना होगी. शित्रा क्षेत्र में 18,816 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है जो कुल बजट का 12 फीसदी है.

