रांची: झारखंड में बढ़ते साइबर अपराधों पर लगाम लगाने और तकनीकी रूप से पुलिस को और अधिक सशक्त बनाने के लिए राज्य पुलिस एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) झारखंड ने राज्य के सभी जिले के एसएसपी, एसपी को पत्र लिखकर साइबर जांच के लिए विशेष ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया है.
क्या है मुख्य उद्देश्य?
भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) द्वारा विकसित C5 सॉफ़्टवेयर के उपयोग में पुलिस कर्मियों को दक्ष बनाना इस प्रशिक्षण का मुख्य लक्ष्य है. इस सॉफ़्टवेयर की मदद से पुलिस अपराधियों के लोकेशन और नेटवर्क गतिविधि का पता लगाना, चोरी हुए या अपराध में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और उनके IMEI नंबर को ब्लॉक करना ताकि उनका गलत इस्तेमाल न हो सके. इसको लेकर प्रत्येक जिले से साइबर या तकनीकी कार्यों में कुशल दो पुलिस कर्मियों को इस प्रशिक्षण के लिए नामित किया जाएगा. प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद संबंधित कर्मियों को इस विशेष सॉफ़्टवेयर का आधिकारिक लाइसेंस भी प्रदान किया जाएगा.
