रांची: शहर के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, मोराबादी में आज 16वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय सब जूनियर हॉकी चैंपियनशिप 2026 के लिए झारखंड टीम के चयन को लेकर ट्रायल आयोजित किया गया. यह ट्रायल 1 अप्रैल 2026 से शुरू होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया गया. महिला वर्ग की प्रतियोगिता रांची में आयोजित होगी, जबकि पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता बिहार के राजगीर में खेली जाएगी.

180 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
ट्रायल में झारखंड के सिमडेगा, खूंटी, गुमला, रांची, हजारीबाग और जमशेदपुर सहित विभिन्न जिलों से कुल 180 खिलाड़ियों ने भाग लिया. महिला और पुरुष दोनों वर्गों के लिए अलग-अलग ट्रायल आयोजित किए गए.
Also Read: झारखंड की कला को मिला नया मुकाम: सीएम हेमंत सोरेन ने किया जोहारग्राम का उद्घाटन
अगले चरण के लिए खिलाड़ियों का चयन
ट्रायल के बाद महिला वर्ग से 30 और पुरुष वर्ग से 32 खिलाड़ियों का चयन अगले चरण के लिए किया गया. चयनित खिलाड़ियों के लिए 18 मार्च से विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा.
प्रशिक्षण शिविर के बाद होगा अंतिम चयन
प्रशिक्षण शिविर के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर महिला और पुरुष दोनों वर्गों में 18-18 खिलाड़ियों का अंतिम चयन किया जाएगा. यही खिलाड़ी राष्ट्रीय सब जूनियर हॉकी चैंपियनशिप में झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे.
पूर्व कप्तान असुंता लकड़ा रहीं चयनकर्ता
ट्रायल के दौरान चयनकर्ता के रूप में भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान असुंता लकड़ा मौजूद रहीं. उनके साथ असरिता लकड़ा, मनोज कोनबेगी, गुरमीत राव और विजय शंकर सिंह ने भी चयन प्रक्रिया में भाग लिया.

