रांची: सरायकेला जिले के चांडिल में इन दिनों एक कार चर्चा का विषय बनी हुई है. चांडिल के दो नंबर रेलवे फाटक के पास स्थित टार्जन गैरेज से जब एक नीली चमचमाती कार निकलती है, तो राहगीरों की नजरें उस पर टिक जाती हैं. पहली नजर में यह किसी लग्जरी सुपरकार जैसी दिखती है, लेकिन हकीकत में यह एक साधारण मारुति 800 है, जिसे मोहम्मद आरिफ ने अपनी मेहनत और लगन से लैंबॉर्गिनी एवेंटाडोर का रूप दे दिया है.

बचपन का सपना और 10 साल का अनुभव
90 के दशक और 2000 की शुरुआत में पली-बढ़ी पीढ़ी के लिए फिल्म टार्जन: द वंडर कार किसी जुनून से कम नहीं थी. मोहम्मद आरिफ भी उन्हीं में से एक थे. पिछले 10 सालों से गैरेज लाइन में कार मैकेनिक के रूप में काम कर रहे आरिफ के मन में हमेशा से अपनी एक टार्जन कार बनाने का सपना था. इसी जुनून के चलते उन्होंने अपने गैरेज का नाम टार्जन रखा और खुद को भी इसी नाम से पहचान दी.
2 साल की मेहनत और पांच लाख का निवेश
आरिफ ने बताया कि इस प्रोजेक्ट को पूरा करने में उन्हें करीब दो साल का समय लगा. एक साधारण मारुति 800 को सुपरकार का लुक देना आसान काम नहीं था. आरिफ खुद मैकेनिक हैं, इसलिए डिजाइन की कटिंग, बॉडी की वेल्डिंग और बारीक डिटेलिंग का पूरा काम उन्होंने अपने हाथों से किया. इस पूरे प्रोजेक्ट पर अब तक करीब पांच लाख रुपये खर्च हो चुके हैं. मजदूरी का चार्ज इसमें शामिल नहीं है. म्यूजिक सिस्टम, एलईडी लाइट्स और फ्रंट ग्लास जैसी कुछ चीजें ही उन्होंने बाजार से खरीदी हैं, बाकी पूरा स्ट्रक्चर उन्होंने खुद तैयार किया है.
Also Read: सड़क हादसों का कहर: रांची में दो की मौत, धनबाद में भारी वाहनों के बीच भीषण टक्कर
कार की मुख्य विशेषताएं
यह कार न केवल दिखने में आकर्षक है, बल्कि इसमें आधुनिक फीचर्स भी जोड़े गए हैं. लैंबॉर्गिनी एवेंटाडोर जैसी शार्प बॉडी और एयरोडायनेमिक डिजाइन इसे खास बनाते हैं. इसे स्पोर्टी लुक देने के लिए 2-सीटर कॉन्फिगरेशन में बदला गया है.
बेहतर ग्रिप और लुक के लिए इसमें 16 इंच के चौड़े एलॉय व्हील्स लगाए गए हैं. कार का एग्जॉस्ट सिस्टम इस तरह डिजाइन किया गया है कि स्टार्ट होते ही यह सुपरकार जैसी आवाज निकालती है. इसमें सनरूफ, रिमोट लॉक सिस्टम और हाई-फाई म्यूजिक सिस्टम भी लगाया गया है.
आरिफ की यह देसी लैंबॉर्गिनी अब सिर्फ चांडिल की सड़कों तक सीमित नहीं है. इसकी रील्स और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं और मिलियन व्यूज हासिल कर रहे हैं.

