रांची: झारखंड की राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में मंगलवार सुबह अचानक बदले मौसम और कम दृश्यता (लो विजिबिलिटी) का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला. इसी क्रम में दिल्ली से रांची आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (IX-1046) को खराब मौसम के कारण रांची में लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी, जिसके बाद विमान को कोलकाता के लिए डायवर्ट कर दिया गया.

आसमान में चक्कर लगाता रहा विमान
निर्धारित समय के अनुसार इस फ्लाइट को मंगलवार सुबह करीब 9:25 बजे रांची के बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरना था. विमान अपने तय समय पर रांची के आसमान तक पहुंच भी गया था. बताया जा रहा है कि पायलट ने लैंडिंग की कोशिश की और कुछ देर तक विमान आसमान में चक्कर लगाता रहा, लेकिन रनवे पर विजिबिलिटी इतनी कम थी कि लैंडिंग कराना जोखिम भरा हो सकता था.
Also Read: रांची सिविल कोर्ट को 14 साइनाइट बम से उड़ाने की धमकी, कहा न्यायालय का क्या फायदा जब मिलता नहीं इंसाफ
सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया फैसला
विजिबिलिटी में सुधार नहीं होने पर पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए विमान को नजदीकी कोलकाता एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया. एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, खराब मौसम की स्थिति में लैंडिंग की अनुमति देना तकनीकी रूप से संभव नहीं था.
यात्रियों को उठानी पड़ी परेशानी.
अचानक फ्लाइट डायवर्ट होने से विमान में सवार यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. कई यात्री अपने जरूरी काम और मीटिंग के लिए रांची आ रहे थे. वहीं रांची एयरपोर्ट पर भी यात्रियों के परिजन विमान का इंतजार कर रहे थे, जिन्हें फ्लाइट डायवर्ट होने की सूचना के बाद लंबे समय तक अनिश्चितता का सामना करना पड़ा.

