कुम्हार टोली अगलगी कांड: पीड़ित परिवार से मिले विधायक विकास कुमार मुंडा, त्वरित मुआवजा व जांच के दिए सख्त निर्देश

बुंडू: बुंडू थाना क्षेत्र अंतर्गत कुम्हार टोली में बीते दिनों हुए भीषण अगलगी कांड में बुधन कुम्हार की किराना दुकान जलकर पूरी...

MLA Vikas Kumar Munda
पीड़ित परिवार से मिले विधायक विकास कुमार मुंडा

बुंडू: बुंडू थाना क्षेत्र अंतर्गत कुम्हार टोली में बीते दिनों हुए भीषण अगलगी कांड में बुधन कुम्हार की किराना दुकान जलकर पूरी तरह राख हो जाने के बाद आज तमाड़ विधायक विकास कुमार मुंडा स्वयं पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे. विधायक ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आग से हुए भारी नुकसान को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए.

पीड़ित परिवार को अविलंब मुआवजा उपलब्ध कराने का दिया निर्देश

निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया, कि घटना की निष्पक्ष जांच कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए तथा पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत अविलंब मुआवजा उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार की घटनाओं में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार पदाधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा. विधायक ने पीड़ित बुधन कुम्हार एवं उनके परिवारजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और ढांढस बंधाया. इस दौरान उन्होंने आश्वस्त किया, कि वे व्यक्तिगत स्तर पर भी हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएंगे, ताकि परिवार दोबारा अपने पैरों पर खड़ा हो सके.

हम सबको मिलकर पीड़ित परिवार के साथ खड़ा रहना होगा- विधायक

विधायक विकास कुमार मुंडा ने कहा, “यह घटना अत्यंत दुखद और चिंताजनक है. एक मेहनतकश परिवार की पूरी आजीविका कुछ ही पलों में समाप्त हो गई. मैंने प्रशासन को सख्त निर्देश दिया है, कि मामले की जल्द जांच कर पीड़ित को उचित मुआवजा दिलाया जाए. साथ ही मेरी ओर से भी हरसंभव मदद की जाएगी. ऐसे समय में हम सबको मिलकर पीड़ित परिवार के साथ खड़ा रहना होगा.”

गौरतलब है, कि अगलगी की घटना में दुकान में रखा सारा सामान, नगद राशि एवं अन्य जरूरी सामग्री जलकर खाक हो गई, जिससे परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल है. स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को जल्द राहत दी जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं.

यह भी पढ़ें: भाकपा बोकारो थर्मल शाखा का 17वां सम्मेलन संपन्न, नई कमेटी का गठन

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *