Lohardaga : झारखंड पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित National Stakeholders Consultation 2026 में राज्यभर से चयनित मात्र आठ कंटेंट क्रिएटर्स (इन्फ्लुएंसर्स) को आमंत्रित किया गया था. इन चुनिंदा प्रतिभागियों में लोहरदगा की युवा कंटेंट क्रिएटर शिवांजलि मिश्रा का नाम भी शामिल रहा, जिसने जिले के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का अवसर प्रदान किया है. देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित ताज पैलेस होटल में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में देशभर के नीति-निर्माताओं, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, निवेशकों, हॉस्पिटैलिटी विशेषज्ञों तथा पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न स्टेकहोल्डर्स ने भाग लिया.
हेमंत सोरेन भी इसमें शामिल हुए
इस दो दिवसीय परामर्श बैठक का मुख्य उद्देश्य झारखंड पर्यटन के दीर्घकालिक विकास के लिए Jharkhand Tourism Vision 2050 की रूपरेखा तैयार करना तथा राज्य में पर्यटन क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा देना था. कार्यक्रम के दौरान पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों और उद्योग प्रतिनिधियों ने झारखंड के प्राकृतिक संसाधनों, जैव विविधता, सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक स्थलों को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की. विशेष रूप से इको-टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म, ट्राइबल टूरिज्म और हेरिटेज टूरिज्म के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव और प्रस्ताव सामने आए. परामर्श कार्यक्रम के दूसरे दिन झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तथा राज्य के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार भी इसमें शामिल हुए. दोनों नेताओं ने राज्य में पर्यटन क्षेत्र को रोजगार, निवेश और आर्थिक विकास का एक मजबूत आधार बताते हुए इसके व्यापक विस्तार की आवश्यकता पर बल दिया.

कंटेंट क्रिएटर शिवांजलि मिश्रा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलीं
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड प्राकृतिक सौंदर्य, झरनों, पहाड़ों, जंगलों, धार्मिक स्थलों और समृद्ध जनजातीय संस्कृति से परिपूर्ण राज्य है. उन्होंने कहा कि सरकार Vision 2050 के तहत पर्यटन क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए उद्योग जगत, निवेशकों और स्थानीय समुदायों के साथ मिलकर कार्य कर रही है. उन्होंने यह भी कहा कि पर्यटन क्षेत्र में निवेश और साझेदारी राज्य के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे. कार्यक्रम के दौरान लोहरदगा की कंटेंट क्रिएटर शिवांजलि मिश्रा को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार से मुलाकात करने और उनसे संक्षिप्त बातचीत करने का अवसर भी प्राप्त हुआ. इस दौरान उन्होंने डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के माध्यम से झारखंड की पर्यटन संभावनाओं को देश और दुनिया तक पहुंचाने में कंटेंट क्रिएटर्स की भूमिका पर भी चर्चा की.

बेहद सम्मान और गर्व का विषय है-शिवांजलि
शिवांजलि मिश्रा ने कहा कि उनके लिए यह बेहद सम्मान और गर्व का विषय है कि उन्हें झारखंड का प्रतिनिधित्व करने और राष्ट्रीय स्तर के इस महत्वपूर्ण मंच का हिस्सा बनने का अवसर मिला. उन्होंने कहा कि झारखंड में पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं और यदि इन्हें सही दिशा और मंच मिले तो राज्य देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी अलग पहचान बना सकता है. स्थानीय संस्कृति, परंपराओं, प्राकृतिक सौंदर्य और अनछुए पर्यटन स्थलों को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत कर देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित किया जा सकता है. लोहरदगा की बेटी की इस उपलब्धि से जिले के युवाओं और डिजिटल कंटेंट क्षेत्र से जुड़े लोगों में उत्साह का माहौल है. स्थानीय लोगों ने इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी लोहरदगा की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर जिले और राज्य का नाम रोशन करती रहेंगी. झारखंड पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित यह राष्ट्रीय परामर्श कार्यक्रम राज्य के पर्यटन विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. इससे न केवल निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, बल्कि झारखंड की सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने में भी मदद मिलेगी. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू, विधायक रामेश्वर उराव,पूर्व नगर परिषद के उपाध्यक्ष बलराम साहू,विधायक प्रतिनिधि निशिथ जायसवाल,निश्चय वर्मा, अमित वर्मा,जयशंकर मिश्रा,पंकज मिश्रा,ने बधाई व उज्ज्वल भविष्य की कामना की हैं.
ALSO READ : JSCA स्टेडियम में JPL फाइनल के दौरान मची भगदड़, तोड़फोड़ करने वाले 150 अज्ञात उपद्रवियों पर FIR दर्ज


