लोहरदगा: उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने कहा कि लोहरदगा जिले में सभी बड़े पर्व और त्यौहार बिना किसी छोटी गलती के शांतिपूर्ण संपन्न हुए. प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारियों ने बड़ी सूझबूझ और समझदारी के साथ अपने कर्तव्य निभाए. यह अत्यंत प्रशंसनीय है. कई अवसरों पर चुनौतियां आईं. लेकिन सभी वरीय पदाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी अपने कर्तव्यों को अच्छे ढंग से पूरा करने में सफल रहे. उन्होंने कहा कि यह सफलता टीम वर्क के बिना संभव नहीं थी.
उपायुक्त ने यह बातें पदाधिकारियों व कर्मियों के सम्मान समारोह में कही. यह कार्यक्रम नगरपालिका आम निर्वाचन-2026 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों और कर्मियों के सम्मान में आयोजित किया गया था.
सभी ने दिया 100 प्रतिशत योगदान
उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन कार्य किसी भी पदाधिकारी या कर्मी के लिए उनके पूरे सेवा काल में एक महत्वपूर्ण अनुभव होता है. एक पुलिस पदाधिकारी से लेकर सिपाही तक का योगदान इस निर्वाचन कार्य में बेहद महत्वपूर्ण था. कुछ बूथों पर मतदान में अधिक समय लगा. लेकिन सभी ने इसे बेहतरीन ढंग से संपन्न कराया. मतपेटिका जमा करने के दौरान भी प्राकृतिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा. जिसे सभी ने आसानी से पूरा किया. बिना किसी गलती के यह निर्वाचन संपन्न हुआ और सभी व्यवस्थाएं बेहतर तरीके से की गईं.
किया गया सम्मानित
निर्वाचन कार्य में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सभी कोषांगों के पदाधिकारी और कर्मी, पुलिस पदाधिकारी और दंडाधिकारी को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया. उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई.
