लोहरदगा: नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बीएस कॉलेज पिकेट के समीप मुख्य सड़क पर जिला परिवहन विभाग ने सघन वाहन जांच अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की. जिला परिवहन पदाधिकारी जया शंखी मुर्मू के नेतृत्व में चले इस अभियान में नियम तोड़ने वालों पर सख्ती दिखाई गई और भारी जुर्माना वसूला गया.
सड़क सुरक्षा नियमों के पालन पर रहा फोकस
अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करना और मोटर वाहन अधिनियम 1988 के प्रावधानों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराना था. इस दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन जांच की गई.
जांच के दौरान ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट, सीट बेल्ट, नंबर प्लेट, ओवरस्पीडिंग, ट्रिपल राइडिंग, मोबाइल फोन के उपयोग, नाबालिग द्वारा वाहन चलाने, ओवरलोडिंग और वाहनों में अवैध संशोधन जैसे मामलों पर विशेष निगरानी रखी गई. साथ ही अतिरिक्त लाइट लगाने जैसे उल्लंघनों को भी जांच के दायरे में रखा गया.

50 से अधिक वाहनों की जांच, 38 पर कार्रवाई
अभियान के दौरान कुल 50 से 60 वाहनों की जांच की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले 38 वाहनों पर कार्रवाई की गई. संबंधित वाहन चालकों से ऑनलाइन ई पॉस मशीन के माध्यम से कुल 1,58,800 रुपये का जुर्माना वसूला गया.

जागरूकता के साथ सख्ती का संदेश
कार्रवाई के साथ साथ अधिकारियों ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में भी जागरूक किया और नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया. स्पष्ट किया गया कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके. इस अभियान में जिला सड़क सुरक्षा टीम और नगर थाना पुलिस बल की सक्रिय भागीदारी रही.


