Chaibasa : चक्रधरपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में कराए जा रहे पेवर्स ब्लॉक निर्माण कार्य में कथित अनियमितता को लेकर स्थानीय लोगों और झामुमो नेता रामलाल मुंडा ने गंभीर आपत्ति जताई है. आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही है और निर्धारित मापदंडों का पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे सरकारी राशि के दुरुपयोग की आशंका व्यक्त की जा रही है. रामलाल मुंडा और स्थानीय लोगों ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए संबंधित विभाग से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की. उनका कहना है कि यदि समय रहते निर्माण कार्य की जांच नहीं हुई तो भविष्य में यह सड़क और पेवर्स ब्लॉक जल्द ही क्षतिग्रस्त हो सकते हैं, जिससे सरकारी धन की बर्बादी होगी.

निर्माण कार्य में गड़बड़ी की आशंका, तकनीकी जांच की उठी मांग
रामलाल मुंडा ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए और यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित संवेदक और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए. उन्होंने यह भी कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए और जनता के हित में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए. प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि यदि लिखित शिकायत प्राप्त होती है या जांच में अनियमितता सामने आती है, तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. क्षेत्र के लोगों ने उम्मीद जताई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर उचित कार्रवाई होगी.

Also Read : खाना और न्यूट्रिशन : स्वस्थ जीवन की मजबूत नींव, सही आहार से रहें फिट और बीमारियों से दूर


