धनबाद: जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. रविवार की शाम सरायढेला थाना क्षेत्र के फायरिंग रेंज इलाके में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी प्रिंस खान गिरोह के एक शूटर सुदीश ओझा पुलिस की गोली लगने से घायल हुआ है. शूटर के पैर में गोली लगी है. घटना के दौरान पुलिस के एक अधिकारी भी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि फायरिंग रेंज क्षेत्र में कुछ अपराधी छिपे हुए हैं और किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं. सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया. इसी दौरान छिपे अपराधियों ने पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी. अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए मोर्चा संभाला और अपराधियों की घेराबंदी कर दी. दोनों ओर से कुछ देर तक गोलियां चलीं. इस मुठभेड़ में प्रिंस खान गिरोह का एक शूटर पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया.

मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस अधिकारी घायल:
मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस अधिकारी को गोली लगी. घायल अधिकारी को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी प्रभात कुमार समेत धनबाद पुलिस के कई वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और अन्य संदिग्ध सामान भी बरामद किए हैं. इलाके में अभी भी पुलिस की सर्च अभियान जारी है, ताकि अन्य फरार अपराधियों को भी पकड़ा जा सके.

