Giridih: तिसरी थाना क्षेत्र के गुमगी बाईपास में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी. यहां विशाल इंटरप्राइजेज नामक टीवी और इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान को चोरों ने निशाना बनाया. चोर दुकान से करीब 6 लाख रुपये मूल्य के टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन समेत कई इलेक्ट्रॉनिक सामान लेकर फरार हो गए.
रात में दुकान को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, चोरी की घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि चोरों ने पहले शराब पी और इसके बाद गुमगी बाईपास स्थित विशाल इंटरप्राइजेज में धावा बोल दिया. चोर दुकान के पिछले हिस्से का गेट तोड़कर अंदर दाखिल हुए और वहां रखे महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान को एक वाहन में लादना शुरू कर दिया.
वाहन भरने पर 5 फ्रिज सड़क किनारे छोड़े
चोरी के सामान को वाहन में लादकर ले जाने के दौरान जब वाहन भर गया, तो चोरों ने पांच फ्रिज दुकान के बाहर ही छोड़ दिए और बाकी सामान लेकर मौके से फरार हो गए. सोमवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर दुकान के बाहर पड़े फ्रिज पर पड़ी. इसके बाद उन्होंने दुकान संचालक को घटना की जानकारी दी.
दुकान पहुंचते ही मालिक के उड़े होश
सूचना मिलने के बाद गुमगी निवासी दुकान मालिक प्रदीप गुप्ता मौके पर पहुंचे. दुकान का शटर खोलकर अंदर जाने पर उनके होश उड़ गए. दुकान के पिछले हिस्से का गेट टूटा हुआ था और अंदर रखे फ्रिज, टीवी, वॉशिंग मशीन समेत कई इलेक्ट्रॉनिक सामान गायब थे. इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई.
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
चोरी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए. सूचना मिलने पर तिसरी थाना प्रभारी शंभू नंद ईश्वर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ की.
