पलामू: जिले के सांसद विष्णु दयाल राम ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के चेयरमैन संतोष कुमार यादव से मुलाकात कर पलामू संसदीय क्षेत्र की प्रमुख सड़क समस्याओं पर गंभीर चर्चा की. इस दौरान सांसद ने चेयरमैन को एक पत्र सौंपते हुए क्षेत्र की विभिन्न परियोजनाओं से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया.

जोरकट टोल प्लाजा शुरू होने से बढ़ी परेशानी
सांसद ने बताया कि मेदिनीनगर नगर निगम के समीप एनएच-39 बाइपास पर स्थित जोरकट टोल प्लाजा को जल्दबाजी में चालू कर दिया गया है. इसके कारण आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
चार किलोमीटर सड़क अभी भी निर्माणाधीन
उन्होंने कहा कि रांची-वाराणसी कॉरिडोर के अंतर्गत आने वाले इस खंड का निर्माण कार्य अभी पूर्ण नहीं हुआ है. विशेष रूप से टोल प्लाजा के आसपास लगभग चार किलोमीटर का हिस्सा अब भी निर्माणाधीन है, जिससे यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
लंबित कार्यों पर जताई नाराजगी
सांसद विष्णु दयाल राम ने एनएचएआई के पदाधिकारियों को याद दिलाया कि पूर्व में भी दुबियाखंड, जोरकट, चियांकी और राजहरा जैसे गांवों में लंबित कार्यों को लेकर शिकायत की गई थी, लेकिन इन कार्यों की प्रगति अब भी संतोषजनक नहीं है.
Also Read: रांची समेत झारखंड में चढ़ेगा पारा, 15 मार्च से बदलेगा मौसम
कनेक्टिंग रोड और फ्लाईओवर का कार्य शुरू नहीं
सांसद ने मेदिनीनगर शहर को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कनेक्टिंग रोड तथा पोखराहा और जोड़ गांव में प्रस्तावित दो फ्लाईओवर (वीयूपी) का निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं होने पर भी कड़ी आपत्ति जताई.
07 मार्च से टोल वसूली शुरू करने पर सवाल
उन्होंने कहा कि सड़क का निर्माण अधूरा रहने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के बावजूद 07 मार्च से टोल वसूली शुरू कर दी गई है, जो स्थानीय ग्रामीणों और किसानों के साथ अन्याय है.
निर्माण पूरा होने तक टोल बंद करने की मांग
सांसद ने क्षेत्र में बढ़ते असंतोष को देखते हुए एनएचएआई चेयरमैन से मांग की है कि जब तक सड़क निर्माण कार्य पूरी तरह पूरा नहीं हो जाता, तब तक टोल वसूली को तत्काल बंद किया जाए.
परियोजनाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने का आग्रह
साथ ही उन्होंने सभी लंबित परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया, ताकि क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और सुगम यातायात की सुविधा मिल सके.

