धनबाद: कोयलांचल की राजनीति में आज एक नया अध्याय जुड़ गया. धनबाद नगर निगम के मेयर पद के लिए हुई गहमागहमी भरी मतगणना में संजीव सिंह ने एकतरफा बढ़त बना लिए है. शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखने वाले संजीव सिंह ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए 25 हजार मतों का बढ़त बना लिए है. शुक्रवार को जारी हुए मतगणना के बाद शनिवार को भी मतगणना जारी रही. सुबह से ही धनबाद के मतगणना केंद्र पर भारी सुरक्षा के बीच वोटों की गिनती जारी रही.संजीव सिंह के पक्ष में रुझान पहले राउंड से ही दिखने लगा था. संजीव सिंह ने प्रत्येक चरण में अपनी बढ़त को और मजबूत किया. पांचवें राउंड की गिनती पूरी होने तक संजीव सिंह के वोटों का आंकड़ा इतना बढ़ गया कि विपक्षी उम्मीदवारों की वापसी की संभावनाएं लगभग समाप्त हो गईं.हालांकि जीत तय हो चुकी है, लेकिन चुनाव आयोग और जिला प्रशासन द्वारा कुछ ही देर में इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी. संजीव सिंह की भारी बढ़त की खबर जैसे ही केंद्र से बाहर आई, उनके समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई. मतगणना केंद्र के बाहर समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और अबीर-गुलाल के साथ जश्न मनाना शुरू कर दिया है.


