रांची: रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है. 29 मार्च से एयरपोर्ट पर नया समर शेड्यूल लागू होने जा रहा है. इस नई व्यवस्था के तहत अब रोजाना 24 उड़ानों का संचालन किया जाएगा, जिससे यात्रियों को पहले से बेहतर और व्यवस्थित सुविधा मिलने की उम्मीद है.

इस बार सबसे बड़ा बदलाव अहमदाबाद जाने वाली फ्लाइट में किया गया है. अब यह फ्लाइट पटना–रांची–अहमदाबाद रूट से संचालित होगी. इस बदलाव से यात्रियों को नई कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा और पटना व रांची के बीच हवाई संपर्क और मजबूत होगा.
हालांकि, इस शेड्यूल में कोई नई फ्लाइट नहीं जोड़ी गई है, लेकिन कई उड़ानों के समय में आंशिक बदलाव किया गया है, ताकि संचालन सुचारू रहे और यात्रियों को अनावश्यक देरी का सामना न करना पड़े.
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, नए समर शेड्यूल से यात्रियों को बेहतर टाइम मैनेजमेंट, आसान कनेक्टिविटी और अधिक सुविधा मिलेगी. खासतौर पर अहमदाबाद रूट में किया गया बदलाव यात्रियों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है.
