बजट सत्र में NewsWave की खबर गूंजी: राज सिन्हा ने उठाया लोकायुक्त, सूचना आयुक्त और महिला आयोग में खाली पदों का मुद्दा

रांची: विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के 15वें दिन न्यूज वेभ की खबर सदन में गूंजी. विधायक राज सिन्हा ने लोकायुक्त,...

रांची: विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के 15वें दिन न्यूज वेभ की खबर सदन में गूंजी. विधायक राज सिन्हा ने लोकायुक्त, सूचना आयुक्त और महिला आयोग में खाली पदों का सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि छह साल से झारखंड राज्य महिला आयोग में अध्यक्ष का पद खाली है. लगभग 10 हजार से अधिक आवेदन लंबित हैं.

एटीआर की रिपोर्ट के अनुसार 68 योजनाओं में से सिर्फ एक ही योजना पूरी हुई है. नगर निकाय चुनाव में गलत नीति के कारण डेढ़ लाख से अधिक वोट इनवैलिड हो गए. उन्होंने यह भी कहा कि सदन में पूछे गए सवालों के जवाब में अक्सर कॉपी-पेस्ट कर दिया जाता है. कानूनी विवादों के कारण नियुक्तियां भी फंसी हुई हैं. सरकारी विभागों में करीब 1.60 लाख पद रिक्त हैं. शिक्षा, स्वास्थ्य और गृह विभाग में सबसे अधिक पद खाली हैं. उन्होंने कहा कि नौ साल से जेटेट की परीक्षा भी नहीं हुई है.

ब्लड डोनेशन कैंप को लेकर हुई नोकझोंक

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि विधानसभा परिसर में सोमवार को लगाए गए ब्लड डोनेशन कैंप में विपक्ष के एक भी सदस्य ने रक्तदान नहीं किया. इस पर विधायक राज सिन्हा ने कहा कि वे स्वयं रक्तदान शिविर आयोजित करवाते हैं और खुद भी रक्तदान करते हैं. उन्होंने कहा कि मंत्री जी को मालूम होना चाहिए कि रक्तदान के भी कुछ नियम होते हैं, आंख बंद कर रक्तदान नहीं किया जा सकता.

लैंड बैंक व्यवस्था समाप्त करने की मांग

विधायक श्वेता सिंह ने कहा कि लैंड बैंक की व्यवस्था समाप्त होनी चाहिए. उन्होंने सुझाव दिया कि डिजिटल मैपिंग और जीआईएस प्रणाली के माध्यम से जमीन का सर्वे किया जाना चाहिए. साथ ही गैर-मजरूआ जमीन का भी डिजिटल सर्वे कराया जाना चाहिए.

Also Read: JPSC परीक्षा का कट ऑफ डेट 2018 करने की मांग को लेकर दायर याचिका HC से खारिज 

केंद्र सरकार पर समीर मोहंती का हमला

विधायक समीर मोहंती ने कहा कि केंद्र में अंग्रेजों से भी अधिक क्रूर शासन चल रहा है. उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार में सांस लेना भी खतरनाक हो गया है. सवाल करना देशद्रोह माना जाता है, आदिवासियों का हक मांगना नक्सलवाद कहा जाता है और नौकरी मांगना विद्रोह माना जाता है. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने न बेटी को पढ़ाया और न ही बचाया.

सरकारी अधिकारियों पर सरयू राय ने उठाए सवाल

विधायक सरयू राय ने कहा कि सदन में सरकारी अधिकारी सही जवाब नहीं देते हैं. उन्होंने कहा कि योजनाओं को लागू करने वाला तंत्र सक्रिय नहीं है. वन विभाग में लगभग 70 प्रतिशत पद खाली हैं. अस्पताल भी सही तरीके से नहीं चल रहे हैं. जमशेदपुर अस्पताल में पानी की व्यवस्था नहीं है. कार्मिक विभाग इंजीनियरों और प्रशासनिक अधिकारियों को अलग-अलग सलाह देता है. उन्होंने यह भी कहा कि जमशेदपुर में सैरात हाट का किराया अचानक बढ़ा दिया गया है और ऊर्जा विभाग भी सही जवाब नहीं देता.

झारखंड में बंग्ला अकादमी गठन की मांग

विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि झारखंड में बंग्ला अकादमी का गठन होना चाहिए. उन्होंने कहा कि बंग्लाभाषियों के लिए पर्याप्त किताबें उपलब्ध नहीं हैं और इस भाषा के शिक्षकों की भी बहाली नहीं हो रही है. उनका कहना था कि झारखंड में लगभग 32 प्रतिशत लोग बंग्लाभाषी हैं. उन्होंने कामरेड ए.के. राय की मूर्ति स्थापित करने के लिए जगह देने की भी मांग की. साथ ही अनटाइड राशि से सरकारी कार्य करने की बात कही.

अंबेडकर और शिबू सोरेन की प्रतिमा लगाने की मांग

विधायक सुरेश पासवान ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर और दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थापित की जानी चाहिए. उन्होंने विस्थापितों को बसाए गए स्थान का म्यूटेशन कर प्रमाण पत्र देने की भी मांग की. इसके अलावा बीडीओ के खाली पदों को भरने और पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों को प्रोन्नति देने की भी मांग उठाई.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *