चतरा: जिले में सिमरिया के कासियातु जंगलों में दुर्घटनाग्रस्त हुए रेडबर्ड के BE C90 विमान के संबंध में एक बड़ा खुलासा हुआ है. जांच में पता चला है कि इस विमान में ब्लैक बॉक्स मौजूद नहीं था, जिसके कारण हादसे की सटीक वजहों का पता लगाने में अब काफी मुश्किलें आ सकती हैं.

इस वजह से नहीं था ब्लैक बॉक्स
विमानन विशेषज्ञों और अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त हुआ विमान कम वजन वाली श्रेणी में आता था. विमानन नियमों के तहत, एक निश्चित वजन से कम के छोटे विमानों में कॉकपिट वॉइस रिकॉर्डर और फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर जिसे संयुक्त रूप से ब्लैक बॉक्स कहा जाता है, लगाना अनिवार्य नहीं होता है. यही कारण है कि इस एयर एंबुलेंस में ये उपकरण नहीं लगे थे.
एजेंसियां अब पारंपरिक और वैज्ञानिक तरीकों पर निर्भर
ब्लैक बॉक्स की अनुपस्थिति में जांच एजेंसियां अब पारंपरिक और वैज्ञानिक तरीकों पर निर्भर हैं. रांची और दिल्ली के एयर ट्रैफिक कंट्रोल के साथ पायलट की आखिरी बातचीत का विश्लेषण किया जाएगा. साथ ही दुर्घटना से मिले मलबे और इंजन के हिस्सों की फोरेंसिक जांच की जाएगी ताकि तकनीकी खराबी का पता चल सके.

