पाकुड़: मंडल कारा में एक विचाराधीन महिला कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है. घटना की जानकारी मिलते ही डीसी मनीष कुमार और एसपी निधि द्विवेदी अधिकारियों की टीम के साथ मंडल कारा पहुंचे और जांच शुरू की.

मृतक महिला की पहचान नगर थाना क्षेत्र के कोलाजोड़ा निवासी संझली हेंब्रम के रूप में हुई है. उस पर अपने पति झंडू हांसदा की हत्या का आरोप था. इस मामले में नगर थाना में 17 फरवरी 2026 को कांड संख्या 25/26 दर्ज किया गया था. गिरफ्तारी के बाद उसे विचाराधीन कैदी के रूप में मंडल कारा में रखा गया था.
जानकारी के अनुसार, मंडल कारा के बाथरूम में संझली हेंब्रम के आत्महत्या करने की सूचना मिली. जेल प्रशासन ने तत्काल उसे इलाज के लिए सोनाजोड़ी सदर अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे. डीसी और एसपी ने कारा परिसर का निरीक्षण किया और मौजूद कर्मियों से पूछताछ की. साथ ही तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
डीसी मनीष कुमार ने बताया कि महिला कैदी द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि बाथरूम में घटना हुई थी और अस्पताल में उसे मृत घोषित किया गया. वहीं एसपी निधि द्विवेदी ने भी कहा कि आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है.
