पाकुड़: जिले की बालिका अंडर -23 क्रिकेट टीम को आज झारखंड राज्य क्रिकेट संघ द्वारा देवघर में आयोजित राज्य स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट में भाग लेने हेतु आवश्यक खेल सामग्री प्रदान कर हर्षोल्लास के साथ जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार, जिला क्रिकेट संघ के सचिव प्रणय तिवारी एवं टीम के प्रशिक्षक रानू सिंह ने रवाना किया.यह पहला अवसर है जब पाकुड़ जिले की बालिका टीम इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भाग ले रही है, जिससे खिलाड़ियों में विशेष उत्साह एवं आत्मविश्वास देखा जा रहा है.

इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक सह अध्यक्ष जिला पाकुड़ क्रिकेट संघ निधि द्विवेदी, जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पूर्ति एवं अन्य वरीय पदाधिकारियों ने टीम को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की. अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह अवसर न केवल उनकी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का मंच है, बल्कि जिले का नाम राज्य स्तर पर गौरवान्वित करने का भी एक महत्वपूर्ण अवसर है.
