पलामू : कमिश्नर ने आंगनबाड़ी केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, बच्चों की उपस्थिति कम देख लगाई फटकार

Palamu: पलामू प्रमंडल के आयुक्त कुमुद सहाय ने आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने और साफ-सफाई पर...

Palamu: पलामू प्रमंडल के आयुक्त कुमुद सहाय ने आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने और साफ-सफाई पर ध्यान देने का निर्देश दिया. उन्होंने आगे कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना का हिस्सा है. इसके माध्यम से बच्चों को शिक्षा और माताओं के स्वास्थ्य एवं पोषण को मजबूत किया जाता है. ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही न केवल कर्तव्यहीनता है, बल्कि यह समाज के भविष्य के साथ खिलवाड़ है. पलामू प्रमंडल के आंगनबाड़ी केन्द्रों की बदहाल स्थिति व कमियों को दूर करने के लिए सेविका, सहायिका, सीडीपीओ और पर्यवेक्षिका को जिम्मेदारी निभाने की आवश्यकता है. आयुक्त ने कहा कि जिला समाज कल्याण पदाधिकारी भी समय-समय पर केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरूस्त करने संबंधी कार्य करवाने में अपनी भूमिका निभाएं. प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय ने आज शहरी क्षेत्र के विभिन्न आंगनबाड़ी केन्द्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया.

ये भी पढ़ें : पाकुड़ की बेटी स्वास्तिका रानी का राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन, उपायुक्त ने किया सम्मानित

आयुक्त ने इन आंगनबाड़ी केंद्रों का किया निरीक्षण

आयुक्त ने हमीदगंज-1, हमीदगंज-3, न्यू एरिया हमीदगंज-3, सिंगरा खुर्द टांड़ पर और सिंगरा कला आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के क्रम में आयुक्त ने पाया कि कई आंगनबाड़ी केन्द्रों पर पहचान के लिए बोर्ड तक नहीं लगे हैं, जिससे केन्द्रों की जानकारी नहीं मिल पा रही है. उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए तत्काल सभी केन्द्रों पर स्पष्ट एवं मानक के अनुरूप बोर्ड लगाने का निर्देश दिया. इसके अलावा कई केन्द्रों में बच्चों की उपस्थिति बेहद कम पाई गई. इस पर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्रों का मुख्य उद्देश्य बच्चों के पोषण, शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है, लेकिन कम उपस्थिति इस उद्देश्य को प्रभावित कर रही है. उन्होंने सेविका एवं सहायिका को अपने-अपने पोषक क्षेत्र में अवस्थित घरों में लोगों से संपर्क कर अभिभावकों को जागरूक करने और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

बच्चों के स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं : आयुक्त

निरीक्षण के दौरान बच्चों की साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई. इस पर आयुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने केन्द्रों में नियमित साफ-सफाई, बच्चों की व्यक्तिगत स्वच्छता एवं पोषण आहार की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया. उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्र की सेविका एवं सहायिका के बीच बेहतर तालमेल व समन्वय बनाकर बच्चों एवं महिलाओं के हित में कार्य करना सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया.

ये भी पढ़ें : गुमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई. हथियार के साथ दो अपराधी गिरफ्तार

आयुक्त ने बच्चों का बढ़ाया उत्साह

आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान उपस्थित पर्यवेक्षिका एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी को प्रत्यक्ष स्थिति की ओर इंगित करते स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भविष्य में ऐसी ही स्थिति पाई गई, तो संबंधित सेविका एवं पदाधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी. आयुक्त ने पदाधिकारियों को अपने अधीन के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों का नियमित भ्रमण एवं प्रवेक्षण सुनिश्चित करने तथा कमियों को शीघ्र दूर करने की व्यवस्था करने का सख्त निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने उपस्थित बच्चों से बातचीत की और उनके बीच टॉफी और बिस्किट का वितरण कर पढ़ाई के प्रति उनका हौसला बढ़ाया.

लापरवाह स्वास्थ्यकर्मी को आयुक्त ने दी चेतावनी

सिंगरा कला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान इसी भवन में संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में 11 बजे तक कोई भी स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित नहीं पाये गये. आयुक्त ने स्वास्थ्य के प्रति लापरवाह स्वास्थ्य कर्मियों को चेतावनी देते हुए कार्य में तत्परता बरतने को कहा. निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान एवं समाज कल्याण से जुड़े अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *