पलामू : 11 मार्च से कार्य बहिष्कार करेंगे NRHM कर्मचारी, नवंबर से वेतन के लिए तरस रहे

Palamu: पलामू जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ माने जाने वाले एनआरएचएम (NRHM) कर्मियों के सब्र का बांध अब टूटने लगा है....

Palamu: पलामू जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ माने जाने वाले एनआरएचएम (NRHM) कर्मियों के सब्र का बांध अब टूटने लगा है. पिछले चार महीनों से वेतन न मिलने के कारण आर्थिक तंगी से जूझ रहे दर्जनों कर्मचारी मंगलवार को पलामू परिसदन पहुंचे और पलामू डीसी को ज्ञापन सौंपा. कर्मियों ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक विचार नहीं हुआ, तो वे कल यानी 11 मार्च 2026 से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार पर रहेंगे.

त्योहार फीकी, खाने को पड़े लाले

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि नवंबर 2025 से उन्हें वेतन का भुगतान नहीं किया गया है. वेतन के अभाव में न केवल उनके हालिया पर्व-त्योहार फीके रहे, बल्कि अब घर की बुनियादी जरूरतें पूरी करना भी असंभव हो गया है. बच्चों की स्कूल फीस से लेकर राशन और दवाइयों तक के लिए कर्मियों को कर्ज का सहारा लेना पड़ रहा है. कई कर्मियों ने भावुक होते हुए बताया कि घर की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि अब काम पर आना भी दूभर है.

बार-बार आश्वासन, पर खाली रहे हाथ

आवेदन में कर्मियों ने आरोप लगाया कि विभाग द्वारा बार-बार आश्वासन तो दिया गया, लेकिन फरवरी 2026 बीत जाने के बाद भी बैंक खातों में वेतन की राशि नहीं पहुंची. थक-हारकर अब सामूहिक निर्णय लिया गया है कि जब तक वेतन भुगतान की ठोस प्रक्रिया शुरू नहीं होती, तब तक कोई भी कर्मचारी कार्य नहीं करेगा.

11 मार्च से ठप रहेगी सेवा

ज्ञापन के माध्यम से सूचित किया गया है कि बुधवार से सभी एनआरएचएम कर्मी अपने कार्य स्थल पर उपस्थित तो रहेंगे, लेकिन सामूहिक रूप से कार्य बहिष्कार करेंगे. कर्मियों ने चेतावनी दी है कि हड़ताल की वजह से स्वास्थ्य सेवाओं में होने वाली किसी भी परेशानी के लिए विभाग और प्रशासन स्वयं जिम्मेदार होगा.

कर्मचारियों की प्रमुख मांगें
  • नवंबर 2025 से लंबित वेतन का अविलंब भुगतान
  • भविष्य में वेतन समय पर मिले, यह सुनिश्चित करना
  • आश्वासन के बजाय लिखित आदेश और क्रियान्वयन हो
मौके पर ये रहे मौजूद

इस मौके पर मुख्य रूप से चंचला कुमारी, अनुज कुमार, पूनम कुमारी, अनीमा टोपनो, कुसुम सांगा, अमीषा कुमारी और खुशबू कुमारी सहित दर्जनों स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *