पलामू: शांति समिति की बैठक, आमजनों से सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील

पलामू: रामनवमी, ईद-उल-फितर एवं सरहुल पर्व के मद्देनजर उपायुक्त समीरा एस एवं पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन की संयुक्त अध्यक्षता में बुधवार को...

Palamu
डीसी-एसपी की संयुक्त अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक

पलामू: रामनवमी, ईद-उल-फितर एवं सरहुल पर्व के मद्देनजर उपायुक्त समीरा एस एवं पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन की संयुक्त अध्यक्षता में बुधवार को जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक स्थानीय पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति नगर भवन में आयोजित की गयी. बैठक में विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि,समाजसेवी एवं प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे.

उपायुक्त ने कहा कि यहां हमलोग शांति समिति की बैठक के लिये जुटें हैं. ऐसे में सभी से यह आग्रह है कि आगामी सभी तरह के उत्सवी माहौल को शांति के साथ संपन्न करने में सहयोग करें. त्योहार की खुशियां बांटने और आपसी भाईचारा बढ़ाने का अवसर होता है. सभी लोग संयमित एवं अनुशासित तरीके से शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाएं.  उन्होंने बताया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं.

भ्रामक सूचना पर ध्यान न देने की अपील 

जुलूस मार्गों पर सीसीटीवी व ड्रोन से निगरानी की जाएगी. वहीं चिन्हित स्थलों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बलों की तैनाती रहेगी. अफवाह फैलाने वाले असामाजिक एवं अराजक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी. उपायुक्त ने कहा कि इन दिनों सोशल एवं डिजिटल मीडिया पर एडिटेड विडीयोज और एआई जेनरेटेड विडीयोज का चलन है. ऐसे में बिना वेरिफिकेशन के विडीयोज शेयर करने से बचें. उन्होंने किसी भी भ्रामक सूचना पर ध्यान न देने और सत्यापन के बाद ही उसे साझा करने की अपील की. उन्होंने जुलूस मार्गों पर किसी भी प्रकार का निर्माण सामग्री नहीं रखने का निर्देश दिया. इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ाने हेतु पंचायत प्रतिनिधियों एवं कर्मियों को सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है.

अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती 

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में 400 से अधिक रामनवमी अखाड़ा द्वारा जुलूस निकाले जाने हैं. ईद को लेकर 250 से अधिक स्थानों पर नमाज पढ़ने की सूचना के मद्देनजर विधि व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है तथा अतिरिक्त पुलिस बल, चौकीदारों एवं होमगार्ड जवानों की तैनाती की गयी है. एसपी ने कहा कि विभिन्न थाना प्रभारियों द्वारा बीएनएस की धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने जुलूस निर्धारित मार्गों पर ही निकालने, भड़काऊ गाने नहीं बजाने, डीजे का उपयोग नहीं करने तथा साउंड को नियंत्रित रखने की अपील की.

सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी

उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में सभी संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया जाएगा और प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी. बैठक में जुलूस मार्गों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, साफ-सफाई, फायर ब्रिगेड एवं एंबुलेंस की व्यवस्था सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गयी. नगर निगम द्वारा पेयजल, चलंत शौचालय, सफाई, स्ट्रीट लाइट एवं जेनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है. प्रशासन ने सभी शांति समिति सदस्यों एवं आमजनों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि जिले में शांति, सौहार्द और भाईचारा कायम रखा जा सके.

ये रहे बैठक में उपस्थित 

बैठक में उपायुक्त समीरा एस, पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन, प्रभारी नगर आयुक्त सह उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार सहित जिला स्तरीय अन्य पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, विभिन्न थाना प्रभारी, अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, मेदिनीनगर जिला स्तरीय शांति समिति के सदस्य, विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि, गणमान्य व्यक्तियों, रामनवमी तथा मुहर्रम इंतजामिया कमेटी, मुहर्रम अखाड़ा समिति एवं सरहुल समिति के अध्यक्ष,सचिव एवं सदस्यगण उपस्थित रहे.

यह भी पढ़ें: अतिक्रमण पर चला बुलडोजर: निगम की जमीन कराई गई खाली, 5 अवैध ढांचे हटाए गए

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *