रांची: नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. 23 फरवरी को होने वाले मतदान के लिए आज मोरहाबादी फुटबॉल स्टेडियम स्थित डिस्पैच सेंटर से पोलिंग पार्टियों को उनके-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया. मंजूनाथ भजन्त्री (जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त, रांची) स्वयं डिस्पैच सेंटर पहुंचे और पूरी व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया. उन्होंने सामग्री वितरण काउंटर, सुरक्षा व्यवस्था, वाहन प्रबंधन, हेल्प डेस्क, चिकित्सा सहायता काउंटर और कंट्रोल रूम का जायजा लिया तथा अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए.

सामग्री की जांच के बाद ही प्रस्थान का आदेश
डीसी ने साफ निर्देश दिया कि सभी पोलिंग पार्टियों को बैलट बॉक्स, मतपत्र, सील, रजिस्टर और अन्य जरूरी सामग्री पूरी जांच के बाद ही दी जाए. मतदान कर्मियों से बैलट बॉक्स खोलने और बंद करने की प्रक्रिया की भी जानकारी ली गई. उन्होंने कहा कि सीलिंग और सुरक्षित परिवहन में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.
दिए गए अहम निर्देश
- सभी पोलिंग पार्टियां समय पर अपने निर्धारित वाहन से रवाना हों.
- मतदान केंद्र पहुंचते ही सामग्री का दोबारा मिलान करें.
- किसी भी गड़बड़ी की सूचना तुरंत सेक्टर पदाधिकारी को दें.
- मतदान के दौरान निष्पक्षता, गोपनीयता और शांति सर्वोच्च प्राथमिकता हो.
- किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम और दंडाधिकारी को दें.
- मतदान खत्म होने के बाद बैलट बॉक्स की सही तरीके से सीलिंग कर स्ट्रांग रूम में जमा करें.
Read Also: लोहरदगा: शिव मंदिर परिसर में संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन, पूर्व सांसद धीरज साहू आमंत्रित
सुरक्षा और सुविधाओं की पूरी तैयारी
जिला प्रशासन ने सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की है. साथ ही पेयजल, शौचालय, बिजली और रैम्प जैसी बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, ताकि मतदाता बिना किसी परेशानी के मतदान कर सकें.
प्रशासन की अपील
डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे 23 फरवरी को अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर लोकतंत्र को मजबूत बनाएं.

