पांच दिनों बाद बंद पावर प्लांट हुआ चालू, फुल लोड पर उत्पादन शुरू

बेरमो: ऐश पौंड से छाई का उठाव नहीं होने के कारण 6 मार्च की मध्यरात्रि से बंद डीवीसी बोकारो थर्मल के 500...

बेरमो: ऐश पौंड से छाई का उठाव नहीं होने के कारण 6 मार्च की मध्यरात्रि से बंद डीवीसी बोकारो थर्मल के 500 मेगावाट वाले ‘ए’ पावर प्लांट की यूनिट को बुधवार की रात लगभग सवा बारह बजे लाइट अप कर दिया गया. गुरुवार की सुबह पौने सात बजे यूनिट से उत्पादन शुरू हो गया और यूनिट से फुल लोड पर बिजली का उत्पादन मांग के अनुसार किया जा रहा है. पावर प्लांट की बंद यूनिट को लाइट अप करने को लेकर बुधवार की रात सारी तैयारी पूरी करने के बाद सवा बारह बजे लाइट अप किया गया.

ऐश पौंड में काम शुरू नहीं कर सकी नई कंपनी

गुरुवार को डीवीसी के ऐश पौंड से छाई का उठाव करने के लिए नई कंपनी शर्मा कंस्ट्रक्शन के रवि भारद्वाज पहुंचे, लेकिन ऐश पौंड में कार्य करने वाले सभी 54 मजदूरों ने गोविंदपुर ए पंचायत के पंसस अख्तर अंसारी के नेतृत्व में कंपनी को कार्य आरंभ नहीं करने दिया.

मजदूरों और पंसस का कहना था कि पूर्व में चार महीने तक ऐश पौंड का कार्य बंद रहने के कारण मजदूरों को भुगतान नहीं किया गया था. बेरमो एसडीएम मुकेश मछुआ, बोकारो के अपर समाहर्ता, मजदूरों के प्रतिनिधि और डीवीसी के प्रतिनिधियों के बीच 13 नवंबर को बकाया राशि के भुगतान सहित कई मांगों को लेकर वार्ता हुई थी.

समझौते के बाद भी नहीं हुआ मजदूरों का भुगतान

वार्ता में लिखित रूप से यह तय हुआ था कि डीवीसी प्रबंधन छाई का उठाव करने वाली कंपनी को बकाया राशि का भुगतान करने से पहले उसके बिल से मजदूरों की बकाया राशि काटकर एक महीने के भीतर भुगतान करेगा. लेकिन वार्ता के चार महीने बाद भी मजदूरों का भुगतान नहीं कराया गया, जिससे मजदूरों में रोष है.

मजदूरों ने यह भी मांग रखी कि कार्य करने वाले सभी मजदूरों का ईपीएफ और ईएसआई की कटौती की जाए तथा उन्हें परिचय पत्र जारी किया जाए. गुरुवार को मजदूरों ने कार्य शुरू करने आई शर्मा ट्रांसपोर्ट कंपनी से ही एक महीने का नौ लाख रुपये बकाया भुगतान कर कार्य शुरू करने की मांग की.

Also Read: झारखंड कैबिनेट का बड़ा फैसला: 40 प्रस्तावों पर लगी मुहर, डाल्टेनगंज अब मेदिनीनगर’होटलों में लगेगा टूरिस्ट टैक्स.

कंपनी ने वार्ता के बाद ही काम शुरू करने की बात कही

कंपनी के रवि भारद्वाज ने कहा कि छाई का उठाव करने वाली चारों कंपनियां इस मामले को लेकर डीवीसी प्रबंधन के साथ बैठकर मजदूरों की मांगों पर वार्ता करेंगी, उसके बाद ही कार्य आरंभ किया जाएगा.

मजदूरों द्वारा कंपनी को कार्य शुरू नहीं करने देने की सूचना मिलने पर वरीय जीएम ओ एंड एम मधुकर श्रीवास्तव, जीएम ऐश मैनेजमेंट राजेश विश्वास, एए कुजूर, सांसद प्रतिनिधि जितेंद्र यादव और पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि महबूब आलम ऐश पौंड पहुंचे और मामले की जानकारी ली.

डीवीसी के दोनों जीएम ने कंपनी के प्रतिनिधि से बातचीत की, लेकिन कंपनी का कहना था कि चारों कंपनियां मिलकर इस मामले पर एक साथ वार्ता करेंगी, उसके बाद ही समाधान संभव है.

सांसद प्रतिनिधि ने कहा कि बिना सांसद से वार्ता किए कंपनी को कार्य आरंभ करने नहीं दिया जाएगा. बाद में डीवीसी के वरिष्ठ अधिकारियों ने आपस में चर्चा कर कहा कि मजदूरों के चार महीने के बकाया भुगतान का समाधान कर दिया जाएगा.

पावर प्लांट बंद रहने से डीवीसी को हुआ नुकसान

मामले को लेकर वरीय जीएम ओ एंड एम सह प्रभारी एचओपी मधुकर श्रीवास्तव ने बताया कि पावर प्लांट को बुधवार की रात लाइट अप कर दिया गया था. गुरुवार को सुबह पौने सात बजे यूनिट को सिंक्रोनाइज करने के बाद फुल लोड पर उत्पादन शुरू हो गया.

उन्होंने बताया कि पावर प्लांट के बंद रहने से डीवीसी को प्रतिदिन ढाई से तीन लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है.

छाई से हो रहे प्रदूषण की भी समस्या

ऐश पौंड में साइट-टू-साइट छाई गिराने के कारण 15 से 20 फीट ऊंचे छाईनुमा पहाड़ बन गए हैं. हवा चलने पर इससे वायु प्रदूषण और उड़ने वाली छाई के कारण नूरी नगर सहित आसपास के ग्रामीणों को परेशानी हो रही है.

इस संबंध में वरीय जीएम ने कहा कि नेशनल हाईवे में छाई का उठाव प्रॉपर तरीके से शुरू होते ही सभी छाई को हटा लिया जाएगा.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *