सरायकेला: राजनगर प्रखंड के अंतर्गत ग्राम बुरूडीह में बजरंगबली समिति द्वारा धूमधाम से रामनवमी की पूजा-अर्चना आयोजित की गई. सभी भक्तों ने भगवा झंडा स्थापित किया. श्रद्धा भाव से पूजा-अर्चना की गई. उन्होंने गांव के सुख-समृद्धि और रोग निवारण के लिए मन्नतें मांगी.

समिति की ओर से सभी श्रद्धालुओं को सर्वदा प्रसाद, खीर और खिचड़ी प्रदान किया गया. पूरे गांव को भगवा झंडों से सजाया गया. आज शाम 3:00 बजे से 5:00 बजे तक गाजे-बाजे के साथ जुलूस बुरूडीह से होकर विक्रमपुर होते हुए बजरंगबली मंदिर डुमरडीहा तक निकलेगा.

गोपबन्धु उच्च विद्यालय हामन्दा के भूतपूर्व प्रधानाध्यापक नुनू राम महतो ने कहा कि भगवान विष्णु ने अपने सातवें अवतार में भगवान राम के रूप में त्रेतायुग में जन्म लिया. भगवान राम का जन्म रावण के अत्याचारों को समाप्त करने और पृथ्वी से दुष्टों को खत्म कर नए धर्म की स्थापना के लिए हुआ. इसलिए रामनवमी का पर्व भगवान राम के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है. रामनवमी का उद्देश्य असत्य पर सत्य की विजय है.रामनवमी पूजा को सफल बनाने में बजरंगबली समिति के सदस्यगण और ग्रामवासी का सराहनीय योगदान रहा.
