Ranchi: कांग्रेस पार्टी संगठन को मजबूत बनाने के लिए बड़ा अभियान चला रही है. इसी के तहत देशभर में चुने गए जिला कांग्रेस अध्यक्षों के लिए विशेष ट्रेनिंग दी जा रही है. इसी क्रम में झारखंड और ओडिशा के कांग्रेस जिला अध्यक्षों के लिए 10 दिनों का आवासीय प्रशिक्षण शिविर चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम) के ट्राइबल रिसर्च एंड ट्रेनिंग सेंटर (TRTC) में 22 से 31 मार्च 2026 तक आयोजित होगा. मीडिया चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी ने बताया कि इस कैंप का मकसद संगठन को मजबूत करना, नेताओं की क्षमता बढ़ाना और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाना है. इसमें जनसंपर्क, संगठन विस्तार और राजनीतिक रणनीति जैसे अहम विषयों पर ट्रेनिंग दी जाएगी.

राहुल गांधी के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह
इस शिविर की खास बात यह है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी एक दिन इसमें शामिल होकर जिला अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे. उनके आने को लेकर कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है. प्रदेश कांग्रेस ने सभी जिला अध्यक्षों से समय पर पहुंचकर इस प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेने की अपील की है. पार्टी मान रही है कि यह कैंप आने वाले चुनावों और चुनौतियों के लिए संगठन को मजबूत करेगा.

