रांची में गैस सिलेंडर की कमी पर प्रशासन सख्त: 25 दिन पहले करें बुकिंग, कालाबाजारी पर होगी कड़ी कार्रवाई

रांची: रांची में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कमी की खबरों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. उपायुक्त सह जिला...

रांची: रांची में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कमी की खबरों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत की अध्यक्षता में एक ऑनलाइन समीक्षा बैठक आयोजित की गई.

बैठक में IOCL, HPCL, BPCL के क्षेत्रीय प्रबंधक, सीएससी के जिला नोडल अधिकारी और रांची जिले की सभी गैस एजेंसियों के संचालक शामिल हुए. इस दौरान गैस आपूर्ति की स्थिति और उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों पर चर्चा की गई. बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी रामगोपाल पांडेय भी मौजूद थे.

अधिकारियों ने बताया कि होली के दौरान सप्लाई चेन में थोड़ी दिक्कत आने से गैस वितरण प्रभावित हुआ था, लेकिन अब स्थिति सामान्य हो चुकी है और सिलेंडर की कोई कमी नहीं है.

प्रशासन ने उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर की बुकिंग कम से कम 25 दिन पहले कर लें, ताकि 2–3 दिनों के भीतर होम डिलीवरी मिल सके.

अगर किसी उपभोक्ता का सिलेंडर 25 दिन से पहले खत्म हो जाता है तो घबराने की जरूरत नहीं है. ऐसे में 5 किलो और 2 किलो के छोटे सिलेंडर बिना बुकिंग के भी उपलब्ध हैं, जिन्हें गैस एजेंसी से संपर्क कर घर तक मंगाया जा सकता है.

बैठक में कंपनियों को निर्देश दिया गया कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए अलग-अलग टोल फ्री नंबर जारी किए जाएं और इन नंबरों पर हमेशा कर्मचारी उपलब्ध रहें, ताकि लोगों को फोन पर सही जानकारी मिल सके.

साथ ही प्रशासन ने निर्देश दिया कि 25 दिन पहले बुकिंग करने की जानकारी का व्यापक प्रचार किया जाए. इसके लिए SMS, बिलबोर्ड, रेडियो और टीवी के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा. कंपनियों और एजेंसियों के प्रबंधकों के लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया जाएगा, ताकि किसी समस्या पर तुरंत समन्वय हो सके.

अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत ने साफ चेतावनी दी कि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अगर कोई एजेंसी या वितरक इसमें शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

जिला प्रशासन ने रांचीवासियों से अपील की है कि समय पर गैस बुकिंग करें और किसी भी गड़बड़ी की सूचना तुरंत अधिकारियों को दें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *