रांची: कुएं से दो व्यक्तियों के शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

रांची: जिले के रातू थाना क्षेत्र के बसाईर टोली, तिगरा गांव स्थित एक कुएं से दो व्यक्तियों के शव बरामद किए गए...

रांची: जिले के रातू थाना क्षेत्र के बसाईर टोली, तिगरा गांव स्थित एक कुएं से दो व्यक्तियों के शव बरामद किए गए हैं. दोनों मृतक एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे, लेकिन खुशियां मातम में बदल गईं.

क्या है पूरी घटना

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, मामला प्रथम दृष्टया हादसा प्रतीत हो रहा है. जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान बेड़ो के जरिया गांव निवासी बंधन भगत (50 वर्ष) और पुनई उरांव (60 वर्ष) के रूप में हुई है. दोनों रविवार को रातू के तिगरा गांव में आयोजित लोटा-पानी रस्म में शामिल होने आए थे. कार्यक्रम के बाद से ही दोनों अचानक लापता हो गए. परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन दो दिनों तक उनका कोई पता नहीं चला.

कुएं में मिले शव, ग्रामीणों ने निकाला बाहर

स्थानीय ग्रामीणों ने गांव के एक कुएं में कुछ संदिग्ध देखा. पास जाकर जांच करने पर पानी के अंदर दो शव पड़े होने की जानकारी मिली. खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई.

ग्रामीणों ने बिना पुलिस को सूचना दिए खुद ही शवों को कुएं से बाहर निकाल लिया. पहचान होने के बाद जरिया, बेड़ो से आए परिजन और ग्रामीण शवों को अपने साथ गांव ले गए. इस दौरान पुलिस को मामले की औपचारिक सूचना नहीं दी गई, जिससे प्रक्रिया पर सवाल भी उठ रहे हैं.

पुलिस ने कब्जे में लिया शव

बुधवार को जब घटना की सूचना रातू थाना पुलिस को मिली, तो पुलिस तुरंत सक्रिय हुई. थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक टीम जरिया, बेड़ो पहुंची और दोनों शवों को वापस रातू लेकर आई.

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और इस संबंध में यूडी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *