रांची: राजधानी के मोरहाबादी मैदान में आयोजित स्टेट हैंडलूम एवं सरस मेला में आज उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति बिजली की चपेट में आ गया. इस हादसे के बाद पूरे मेला परिसर में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में मेले को बंद कर दिया गया है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मेला परिसर में बिजली के खुले तारों के संपर्क युवक आ गया. करंट लगते ही वह व्यक्ति जमीन पर गिर पड़ा, जिसे देखकर आसपास मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई.

मेला बंद करने का निर्णय
मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और अन्य लोगों की मदद से घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. करंट लगने के कारण व्यक्ति की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है. डॉक्टरों की टीम उसे बचाने का हरसंभव प्रयास कर रही है. हालांकि, घायल की पहचान के बारे में अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है. हादसे की गंभीरता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेला कमेटी ने तुरंत मेला बंद करने का निर्णय लिया है. बिजली आपूर्ति काट दी गई है और सुरक्षा ऑडिट की बात कही जा रही है.
यह भी पढ़ें: रांची: धुर्वा डैम में कूदकर सेल सिटी की युवती ने की आत्महत्या, बीआईटी में करती थी पढ़ाई

