Ranchi: रांची शहर के तालाबों को साफ रखने के लिए नगर निगम ने एक नई पहल शुरू की है. आज महापौर रौशनी खलखो और उप महापौर नीरज कुमार ने विवेकानंद सरोवर (बड़ा तालाब) में एक खास मशीन ‘वीड हार्वेस्टर’ का उद्घाटन किया. यह मशीन तालाब के पानी में तैर रही गंदगी, जलकुंभी (पानी में उगने वाली घास) और कचरे को निकालने का काम करेगी. अब पहले की तरह लोगों को हाथ से या साधारण तरीकों से सफाई नहीं करनी पड़ेगी, बल्कि यह मशीन तेजी से और बेहतर तरीके से सफाई करेगी. इससे तालाब का पानी साफ रहेगा और बदबू भी कम होगी. नगर निगम का कहना है कि इस मशीन से सिर्फ बड़ा तालाब ही नहीं, बल्कि शहर के अन्य छोटे-बड़े तालाबों की भी सफाई की जाएगी. इससे तालाबों का संरक्षण होगा और पर्यावरण भी बेहतर रहेगा.

यह भी पढ़ें : खड़गे के बयान पर सियासी बवाल: आदित्य साहू का कांग्रेस पर तीखा हमला, कहा- ‘सत्ता के बिना बेचैन, समाज में तनाव फैलाने की कोशिश’
