रांची: रांची नगर निगम क्षेत्र में महापौर पद के प्रत्याशियों ने तीसरे चरण का आय-व्यय विवरण शुक्रवार को समाहरणालय में जमा किया. समर्पित व्यय लेखा जांच प्रतिवेदन के अनुसार अब तक के चुनावी खर्च में रमा खलखो सबसे आगे हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, रमा खलखो ने अपने चुनाव प्रचार पर अब तक ₹8,73,824 खर्च किए हैं. वहीं उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी रौशनी खलखो का कुल व्यय ₹6,23,685 दर्ज किया गया है. इस प्रकार रमा खलखो ने रोशनी खलखो की तुलना में लगभग ₹2.50 लाख अधिक खर्च किए हैं.

Also Read : झारखंड पुलिस अब होगी और भी हाईटेक: जल्द थानों को मिलने जा रहे 900 नए वाहन.
12 से 20 फरवरी के बीच तेज हुआ प्रचार
12 फरवरी से 20 फरवरी 2026 के बीच प्रत्याशियों ने पदयात्रा, जनसंपर्क अभियान, सभा आयोजन, वाहन संचालन और प्रचार-प्रसार जैसी गतिविधियों पर लगातार व्यय किया. तीसरे चरण की रिपोर्ट से स्पष्ट है कि महापौर पद के लिए चुनावी मुकाबला काफी प्रतिस्पर्धी होता जा रहा है. हालांकि, शुरुआती चरण में कुछ प्रत्याशियों द्वारा व्यय विवरण समय पर प्रस्तुत नहीं किए जाने के कारण कुछ तिथियों में अनुपस्थिति दर्ज की गई.
तीसरे चरण में अनुपस्थित प्रत्याशी
तीसरे चरण के व्यय प्रतिवेदन में निम्न प्रत्याशी अनुपस्थित पाए गए:
-
प्रवीण कच्छप
-
विनोद कुमार बड़ाइक
-
सुजीत विजय आनंद कुजूर
अन्य प्रत्याशियों का चुनावी व्यय (रुपये में)
-
देवी दयाल मुंडा – ₹2,18,415.50
-
सुजाता कच्छप – ₹2,90,760
-
सुमन कांत तिग्गा – ₹2,64,392
-
सुरेंद्र लिंडा – ₹2,29,024
-
सोनू खलखो – ₹1,49,840
-
किरण कुमारी – ₹31,958
तीसरे चरण की रिपोर्ट ने यह साफ कर दिया है कि महापौर की कुर्सी के लिए प्रचार अभियान में प्रत्याशियों के बीच खर्च और रणनीति दोनों स्तर पर कड़ी टक्कर चल रही है. आने वाले दिनों में यह मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना है.

