सरहुल को लेकर रांची नगर निगम तैयार, शहर को बनाया जा रहा साफ और सुंदर

रांची: प्रकृति के पावन पर्व सरहुल के स्वागत में रांची नगर निगम ने शहर में तैयारियां तेज कर दी हैं. निगम का...

Ranchi Municipal Corporation
सफाई करते सफाईकर्मी

रांची: प्रकृति के पावन पर्व सरहुल के स्वागत में रांची नगर निगम ने शहर में तैयारियां तेज कर दी हैं. निगम का पूरा फोकस इस बात पर है कि त्योहार के दौरान लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर माहौल मिल सके. नगर निगम की ओर से पूरे शहर में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है. सरना स्थल, अखड़ा और उनके आसपास के इलाकों को खास तौर पर साफ-सुथरा किया जा रहा है, ताकि पूजा के समय किसी तरह की परेशानी न हो.

अधिकारियों और सफाई कर्मियों की टीम तैनात

बेहतर व्यवस्था के लिए शहर को 7 जोन में बांटा गया है. हर जोन में अधिकारियों और सफाई कर्मियों की टीम तैनात की गई है, जो 53 वार्डों के करीब 298 सरना स्थलों पर लगातार काम कर रही है. पूजा समितियों के साथ मिलकर सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं.  निगम के अधिकारियों ने सिरमटोली, मोरहाबादी, हातमा, सहजानंद चौक, चडरी, मधुकम और हेसल जैसे प्रमुख सरना स्थलों का निरीक्षण किया. इन जगहों पर झाड़ू लगाई गई, कचरा हटाया गया और साफ-सफाई के लिए दवाइयों का छिड़काव किया गया.

कई स्थानों पर विशेष काम भी किए गए. जैसे करमटोली में झाड़ियों की सफाई और कचरा उठाव, हातमा में जमीन समतल करना और
बरियातू में रास्तों की सफाई जैसे काम तेजी से किए गए.

शहर को स्वच्छ बनाए रखने की अपील 

इसके अलावा शहर के अलग-अलग इलाकों में नालियों की सफाई और उन्हें ढकने का काम भी जारी है, ताकि गंदगी और जलभराव की समस्या न हो. नगर निगम ने लोगों से अपील की है, कि सरहुल जैसे प्रकृति पूजा के इस महापर्व पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें, कचरा इधर-उधर न फैलाएं और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें. त्योहार के दौरान किसी भी समस्या के समाधान के लिए निगम का कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा. नागरिक हेल्पलाइन नंबर 18005701235 पर संपर्क कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें: मेदिनीनगर: डिप्टी मेयर मनोज सिंह ने त्योहारों को लेकर सफाई व रोशनी पर दिया जोर

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *