रांची : सड़क सुरक्षा के लिए रोड मार्किंग तेज, राजधानी में 19 जगहों पर बनी जेब्रा क्रॉसिंग और स्टॉप लाइन

Ranchi: रांची नगर निगम ने राजधानी में यातायात व्यवस्था को बेहतर और सुरक्षित बनाने के लिए रोड मार्किंग का काम तेज कर...

Ranchi: रांची नगर निगम ने राजधानी में यातायात व्यवस्था को बेहतर और सुरक्षित बनाने के लिए रोड मार्किंग का काम तेज कर दिया है. प्रशासक के निर्देश पर शहर के अलग-अलग इलाकों में जेब्रा क्रॉसिंग, एरो मार्क, स्टॉप लाइन और पिक-अप एंड ड्रॉप मार्किंग बनाई जा रही है. नगर निगम ने अभी तक शहर के 19 स्थानों पर रोड मार्किंग का काम पूरा कर लिया है. इससे पैदल चलने वाले लोगों, खासकर बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को सड़क पार करने में काफी सुविधा और सुरक्षा मिलेगी.

जाम की समस्या से मिलेगी राहत

नगर निगम के अनुसार स्टॉप लाइन और दिशा दिखाने वाले एरो मार्क से वाहन चालकों को साफ संकेत मिलेगा. इससे ट्रैफिक का संचालन बेहतर होगा और जाम की समस्या भी कम होने की उम्मीद है. साथ ही बस, ऑटो, टैक्सी और स्कूल वाहनों के लिए पिक-अप और ड्रॉप मार्किंग भी बनाई जा रही है. इससे यात्रियों को सुरक्षित तरीके से चढ़ाने-उतारने की व्यवस्था होगी और सड़क पर अव्यवस्था कम होगी. यह व्यवस्था खासकर स्कूल, अस्पताल और भीड़भाड़ वाले इलाकों में ज्यादा उपयोगी होगी. रांची नगर निगम का कहना है कि यह पहल शहर को सुरक्षित, व्यवस्थित और नागरिकों के लिए बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. लोगों से अपील की गई है कि वे सड़क पर बनी मार्किंग और पार्किंग नियमों का पालन करें और नगर निगम का सहयोग करें.

इन 19 जगहों पर हुआ रोड मार्किंग का काम

मुख्यमंत्री आवास के सामने, आयुक्त कार्यालय गेट, अल्बर्ट एक्का चौक, मछली घर से राज भवन मार्ग, डीसी आवास, सरना स्थल मोराबादी, ऑक्सीजन पार्क, रजिस्ट्री ऑफिस, सिद्ध-कान्हू पार्क के पास, रांची कॉलेज प्लेग्राउंड, जयपाल सिंह स्टेडियम के पास, गेस्ट हाउस चौक मोराबादी, राम मंदिर चौक कांके रोड, आईटीआई मोड़ मोराबादी, राज भवन मेन गेट, ट्राइबल म्यूजियम मोराबादी, सब्जी मार्केट मोराबादी, राम मंदिर मोराबादी, सर्जना चौक और मान्य पैलेस के पास.

आमलोगों से सहयोग करने की अपील

इसके अलावा शहर को और सुंदर बनाने के लिए कई सड़कों के रोड डिवाइडरों की पेंटिंग भी कराई जा रही है. नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक जगहों, रोड डिवाइडर और दीवारों पर गुटखा-पान न थूकें और शहर को साफ रखने में सहयोग करें. नियम तोड़ने वालों के खिलाफ जुर्माना और कार्रवाई की जाएगी.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *