रांची: बंगाल ले जाए जा रहे 17 मवेशी लदे तीन पिकअप वैन जब्त, बिहार के तीन तस्कर गिरफ्तार

रांची: सिकिदिरी थाना पुलिस ने मवेशी तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए सोमवार देर रात 17 मवेशियों को तस्करों...

रांची: सिकिदिरी थाना पुलिस ने मवेशी तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए सोमवार देर रात 17 मवेशियों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन पिकअप वैन जब्त किए और अंतरराज्यीय गिरोह के तीन पशु तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

देर रात 2 बजे बैरियर लगाकर की गई घेराबंदी 

जानकारी के अनुसार, सिकिदिरी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ पशुओं को पिकअप वाहनों में क्रूरतापूर्वक लादकर सिकिदिरी के रास्ते बंगाल की ओर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है. इस पुख्ता सूचना पर सिकिदिरी थाना के एएसआई बाबूलाल टुडू के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए सड़क पर बैरियर लगा दिया और वाहनों के आने का इंतजार करने लगी. सोमवार रात करीब 2 बजे जब तीन संदिग्ध पिकअप वैन वहां पहुंचे, तो पुलिस ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया.

वाहनों से 12 गायें और 5 बछड़े बरामद 

पुलिस द्वारा जब वाहनों की तलाशी ली गई, तो प्रत्येक वाहन के अंदर मवेशी लदे हुए मिले. पुलिस ने तीनों वाहनों से कुल 17 मवेशियों को रेस्क्यू किया, जिनमें 12 गायें और 5 बछड़े शामिल हैं. मौके से पुलिस ने तस्करी में शामिल तीन आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. इनकी पहचान बिहार के वैशाली जिले के जुड़ावन थाना क्षेत्र निवासी उमेश यादव, वैशाली के ही महथर थाना क्षेत्र निवासी विक्की कुमार और भोजपुर जिले के चलपोखरी थाना क्षेत्र निवासी कमल किशोर कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. पुलिस ने रेस्क्यू किए गए सभी 17 मवेशियों के भरण-पोषण और सुरक्षा के लिए स्थानीय ग्रामीण महेश यादव को जिम्मेनामा बनाकर सौंप दिया है.

यह भी पढ़ें: ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा : रांची की 74 वर्षीय महिला से 9.10 लाख की साइबर ठगी

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *