Ranchi: जिले में राजस्व कार्यों को गति देने और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन को लेकर 4 अप्रैल को उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के नेतृत्व में विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित की जाएगी. समाहरणालय में आयोजित बैठक में जिले के सभी राजस्व कर्मी, अधीनस्थ अमीन, राजस्व उप निरीक्षक, अंचल निरीक्षक सहित संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहेंगे.
लंबित दाखिल-खारिज मामलों पर फोकस
बैठक के दौरान राजस्व विभाग से जुड़े विभिन्न लंबित मामलों की गहन समीक्षा की जाएगी. विशेष रूप से 90 दिनों से अधिक समय से लंबित दाखिल-खारिज वाद—चाहे वे आपत्ति रहित हों या आपत्ति सहित—की हल्कावार स्थिति पर चर्चा होगी. इसके साथ ही 30 दिनों से अधिक समय से लंबित आपत्ति रहित दाखिल-खारिज मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर दिया जाएगा.
Also Read: EXCLUSIVE: डिफेंसिव मोड में नजर आनी वाली झारखंड पुलिस हेमंत सरकार में हुई अटैकिंग
सीमांकन मामलों की भी होगी समीक्षा
सीमांकन से जुड़े मामलों को भी बैठक में प्रमुखता से लिया जाएगा. लंबित सीमांकन आवेदनों की प्रगति, सामने आ रही बाधाओं और उनके समाधान पर विचार-विमर्श किया जाएगा. इसके अलावा भूमि रिकॉर्ड के परिशोधन एवं सुधार से संबंधित कार्यों की अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा की जाएगी.
जन शिकायतों के निष्पादन पर जोर
जन शिकायतों के निष्पादन पर भी बैठक में विशेष फोकस रहेगा. जन सुनवाई एवं लोक शिकायत निवारण प्रणाली के तहत प्राप्त मामलों की प्रगति और उनके समाधान की स्थिति पर विस्तृत चर्चा होगी.
