रांची: झारखंड विधानसभा में बुधवार को युद्धपोत को मार गिराने के मुद्दे पर जमकर हंगामा हुआ. विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच तीखी नोकझोंक के बाद सदन की कार्यवाही को 12:50 बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा. सदन में चर्चा के दौरान विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि पहले यह स्पष्ट कर लेना चाहिए कि जिस सीमा की बात की जा रही है, वह किसकी सीमा थी. बिना सही जानकारी के इस तरह के बयान देना उचित नहीं है. इस पर संसदीय कार्य मंत्री ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कुछ लोग मान-सम्मान की बात करते हैं, जबकि हकीकत यह है कि भारत ने अमेरिका के आगे घुटने टेक दिए. मंत्री के इस बयान के बाद सदन का माहौल गरमा गया. मंत्री के बयान पर विपक्ष के विधायक अपनी सीटों से उठकर वेल में पहुंच गए और नारेबाजी शुरू कर दी. सदन में कुछ देर तक तीखी बहस और हंगामा चलता रहा. हंगामा बढ़ता देख अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही को 12:50 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया सदन स्थगित होने तक विपक्ष के विधायक वेल में नारेबाजी करते रहे.


