Hazaribagh: सरहुल, रामनवमी और महावीर जयंती के दौरान शहर में सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने वाले नगर निगम के सफाई मित्रों, निगम कर्मियों, वार्ड जमादारों तथा अन्य कर्मचारियों को गुरुवार को नगर निगम सभागार में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया. इस दौरान कर्मियों को प्रशस्ति पत्र के साथ प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया.
अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में महापौर अरविंद कुमार राणा, उपमहापौर अविनाश कुमार, नगर आयुक्त ओमप्रकाश गुप्ता, उप आयुक्त ज्योति कुमार सिंह, सहायक आयुक्त विपिन कुमार, अनिल कुमार तथा वार्ड पार्षद अनिल प्रसाद मौजूद थे. वहीं हेड जमादार दीपक गोस्वामी, जम्मू राम, रात्रि पर्यवेक्षक गौतम कुमार वाल्मीकि, चंदन ठाकुर समेत बड़ी संख्या में निगम कर्मी उपस्थित थे.
महापौर का संबोधन
समारोह को संबोधित करते हुए महापौर अरविंद कुमार राणा ने कहा कि निगम परिवार एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़ा रहे, यही उनकी अपेक्षा है. उन्होंने कहा कि सरहुल, रामनवमी और महावीर जयंती जैसे बड़े आयोजनों में निगम कर्मियों ने दिन-रात मेहनत कर शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखा.
Also Read: सेल की बड़ी उपलब्धि: उत्पादन और बिक्री में रिकॉर्ड, निर्यात में 162% की छलांग
कर्मियों की सराहना
महापौर ने कर्मियों से कहा कि आप हमारे हीरो हैं. आपकी मेहनत की सराहना पूरे शहर ने की है. इस सम्मान के असली हकदार आप ही हैं.
वेतन को लेकर बड़ा आश्वासन
महापौर ने कहा कि अब निगम कर्मियों को वेतन के लिए कभी हड़ताल नहीं करनी पड़ेगी. निगम प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि हर माह एक से पांच तारीख के बीच सभी कर्मियों को वेतन मिल जाए. यदि किसी माह के दौरान कोई बड़ा त्योहार पड़ता है तो उससे पहले ही वेतन उपलब्ध करा दिया जाएगा, ताकि किसी कर्मी के घर में त्योहार के समय परेशानी नहीं हो.
बीमा की घोषणा
उन्होंने यह भी घोषणा की कि चालू वित्तीय वर्ष में सभी निगम कर्मियों का दुर्घटना बीमा कराया जाएगा. इसके लिए कर्मियों के खाते से अब कोई राशि नहीं काटी जाएगी. बीमा का पूरा प्रीमियम निगम की ओर से संबंधित बैंक के माध्यम से जमा कराया जाएगा.
त्योहारों में मिलेगा सम्मान
महापौर ने कहा कि आने वाले समय में हर त्योहार पर निगम कर्मियों की खुशियों में शामिल हुआ जाएगा और उन्हें सम्मान स्वरूप मिठाई का डिब्बा भी दिया जाएगा.
नगर आयुक्त की प्रतिक्रिया
नगर आयुक्त ओमप्रकाश गुप्ता ने कहा कि निगम कर्मियों की मेहनत और समर्पण के कारण ही पर्व-त्योहारों के दौरान शहर में बेहतर व्यवस्था संभव हो पाती है. उन्होंने कहा कि रामनवमी के दूसरे दिन शहर भर से कचरा उठाकर सड़कों की सफाई करना आसान कार्य नहीं था, लेकिन निगम कर्मियों ने इसे अपनी लगन से संभव बनाया.
उपमहापौर का बयान
उपमहापौर अविनाश कुमार ने कहा कि निगम कर्मियों के बिना नगर निगम अधूरा है. उन्होंने कहा कि पहली बार निगम को ऐसी टीम मिली है, जो शहरवासियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह समर्पित है. निगम कर्मी 24 घंटे शहर में सेवाएं बहाल रखने में जुटे रहे और उनकी मेहनत के कारण त्योहार शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके.
आभार व्यक्त
कार्यक्रम के अंत में निगम की ओर से सभी कर्मियों, पर्यवेक्षकों तथा पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया गया. जिला प्रशासन को भी सहयोग के लिए धन्यवाद दिया गया.
