सरायकेला-खरसावां: जिले के चांडिल अनुमंडल सभागार में आगामी सरहुल, ईद और रामनवमी को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शांति समिति के सदस्य और ग्रामीणों ने भाग लिया.

बैठक के दौरान त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने पर विशेष जोर दिया गया. विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं और सुझावों को भी प्रशासन के समक्ष रखा गया.अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार राय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि लाउडस्पीकर के दुरुपयोग और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने सभी लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की.
प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ रहेगी और पुलिस की विशेष निगरानी जारी रहेगी.बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने आपसी सहयोग और शांति के साथ पर्व मनाने का संकल्प लिया.

