सरायकेला: खरसावां जिले के विभिन्न प्रखंड कुचाई, खरसावां, राजनगर एवं सरायकेला में विश्व जल दिवस पखवाड़ा के अंतर्गत “विश्व प्लंबर दिवस” का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य पेयजल आपूर्ति प्रणाली के सुचारू संचालन में प्लंबरों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करना तथा जल संरक्षण एवं सुरक्षित पेयजल आपूर्ति के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना था.

प्लंबरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण
आयोजित कार्यक्रमों के दौरान जल संरक्षण, पाइपलाइन की नियमित देखरेख, लीकेज की रोकथाम तथा सुरक्षित पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया गया. इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा बताया गया कि जलापूर्ति योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं रखरखाव में प्लंबरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. अतः आवश्यक है कि जलापूर्ति से संबंधित अवसंरचना का नियमित निरीक्षण एवं समय पर मरम्मत सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लोगों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराया जा सके.
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कर्मियों को जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन तथा पेयजल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया. साथ ही यह भी बताया गया कि जल संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग तथा सामुदायिक सहभागिता से ही जल संकट की समस्या का प्रभावी समाधान संभव है.
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रखंड स्तरीय कर्मी, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (PHED) के कनीय अभियंता, ब्लॉक वाश समन्वयक, मुखिया, जलसहिया सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: रांची : गोवंशीय पशु हत्या मामले में मुख्य आरोपी तौफीक कुरैशी गिरफ्तार

