Palamu: रक्षाबंधन के पावन अवसर पर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की छात्राओं ने शहर थाना पहुंचकर पुलिसकर्मियों को राखी बांधी. प्रधानाचार्य चितरंजन कुमार सिंह की अध्यक्षता में छात्राओं ने थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार समेत वहां मौजूद पुलिसकर्मियों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा. कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा देशभक्ति और रक्षाबंधन से संबंधित गीतों की प्रस्तुति से हुई. इसके बाद छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को तिलक लगाकर पूजा-अर्चना की और उनकी कलाई पर राखी बांधी. इस दौरान थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार समेत अन्य पुलिसकर्मी काफी उत्साहित नजर आए. पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

थाना प्रभारी ने छात्राओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी
इस मौके पर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने छात्राओं से अच्छी शिक्षा प्राप्त कर कर्मठ और देशभक्त नागरिक बनने की अपील की. उन्होंने कहा कि इससे देश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी. उन्होंने छात्राओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं भी दीं. उन्होंने कहा कि बाल विवाह, बाल तस्करी और बाल श्रम के खिलाफ चल रही मुहिम में पुलिस पूरी तरह बच्चों के साथ है. बच्चों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से बच्चों के बीच यह संदेश जाता है कि पुलिस उनकी मित्र है और पुलिस के साथ डर के बजाय संवाद और सहयोग का संबंध होना चाहिए. कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी पार्वती कुमारी, एसआई संगीता झा, अंजनी सिन्हा, ट्रैफिक प्रभारी रूद्रानंद सरस सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे. वहीं विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और अन्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए.
ALSO READ: हजारीबाग: आम आदमी को क्या मिलेगा न्याय, जब सिस्टम के आगे रिटायर्ड DSP ही विवश

