सिमडेगा: भाजपा नेता की मौत के बाद जलडेगा बुलाया गया बंद, सड़क पर उतरे लोग

सिमडेगा: जिले के जलडेगा प्रखंड में आज स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ जनता का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा.भाजपा नेता और प्रखर सामाजिक...

सिमडेगा: जिले के जलडेगा प्रखंड में आज स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ जनता का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा.भाजपा नेता और प्रखर सामाजिक कार्यकर्ता रामेश्वर सिंह की असामयिक मृत्यु के बाद, अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने जलडेगा बंद का आह्वान किया. गुरुवार की सुबह से ही जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त रहा और यातायात पूरी तरह ठप नजर आ रहा है.

वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह रोक दिया:

गुरुवार सुबह से ही बंद समर्थक जलडेगा की मुख्य सड़कों पर उतर आए और वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह रोक दिया. इस दौरान दोषियों को सजा दो और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार करो जैसे नारे गूंज रहे है. बंद का व्यापक असर लंबी दूरी की बसों पर भी देखने को मिला. गांगुटोली से रांची की ओर जा रही यादगार बस को प्रदर्शनकारियों ने रास्ते में ही रोक दिया, जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा, न केवल सार्वजनिक परिवहन, बल्कि निजी वाहनों की रफ्तार पर भी प्रदर्शनकारियों ने ब्रेक लगा दिया.

जाने क्या है मामला:

प्रदर्शनकारियों का सीधा आरोप है कि रामेश्वर सिंह को समय पर उचित इलाज और अस्पताल प्रबंधन की तत्परता नहीं मिली.परिजनों और समर्थकों का कहना है कि, अस्पताल में आपातकालीन सुविधाओं का अभाव था. ड्यूटी पर तैनात कर्मियों द्वारा कथित तौर पर संवेदनहीनता बरती गई. यदि समय रहते सही उपचार मिलता, तो एक लोकप्रिय नेता को खोने से बचाया जा सकता था.बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न चौक-चौराहों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है.प्रशासनिक अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाने और जाम खुलवाने का प्रयास कर रहे हैं, हालांकि आंदोलनकारी अपनी मांग पर अड़े हुए हैं.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *