झारखंड में खूनी होली: सात जिले में फायरिंग, हत्या, हादसे और आत्महत्या की वारदातों से 11 लोगों की हुई मौत

रांची: झारखंड के लिए यह होली का त्योहार खुशियों के साथ-साथ गहरे मातम का दिन भी रहा. जहां एक ओर पूरा राज्य...

रांची: झारखंड के लिए यह होली का त्योहार खुशियों के साथ-साथ गहरे मातम का दिन भी रहा. जहां एक ओर पूरा राज्य होली के जश्न में डूबा था, वहीं पाकुड़, जमशेदपुर, पलामू और सरायकेला, गिरिडीह, गुमला और धनबाद जैसे जिलों से दिल दहला देने वाली खबरें सामने आईं. अपराधियों के बेखौफ हौसलों से लेकर दर्दनाक हादसों तक, राज्य के विभिन्न हिस्सों में कुल 11 से अधिक लोगों की जान चली गई, जिससे कई परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छिन गईं.

पाकुड़: बेटे की जान के लिए गिड़गिड़ाता रहा पिता, अपराधियों ने ले ली जान:

पाकुड़ के नगर थाना क्षेत्र स्थित तलवाडांगा गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना घटी.बुधवार शाम अपराधियों ने 40 वर्षीय देवराज सरकार की बेरहमी से हत्या कर दी.चश्मदीदों के अनुसार, हमले के वक्त देवराज अपने बेटे को बचाने के लिए अपराधियों के सामने रहम की भीख मांगते रहे, लेकिन पत्थर दिल हमलावरों पर इसका कोई असर नहीं हुआ और उन्होंने देवराज को मौत के घाट उतार दिया.

जमशेदपुर: दो महिलाओं की निर्मम हत्या से सनसनी:

जमशेदपुर जिले के पोटका क्षेत्र में बुधवार को दो अलग-अलग हत्याओं ने पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी है. पहले कोवाली थाना क्षेत्र के जंगल में करीब 35 वर्षीय एक अज्ञात महिला का जला हुआ शव मिला. अपराधियों ने पहचान मिटाने के लिए चेहरे और शरीर को बुरी तरह जला दिया था. इसके बाद पोटका के कलिकापुर गांव में 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव मिला. वह दातून बेचकर अपना गुजारा करती थी. बाजार से लौटते समय अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से उनका गला रेत दिया.

पलामू: खेत में वृद्ध की हत्या और नदी किनारे युवती का शव:

पलामू जिला के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के छपरदाग में खेत में काम कर रहे वृद्ध विश्वनाथ राजवार की गला काटकर हत्या कर दी गई.हत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है. वहीं दूसरी तरफदेवरी ओपी क्षेत्र में सोन नदी के किनारे एक 26 वर्षीय अज्ञात युवती का शव मिला. शव बालू से ढका हुआ और पानी में फूल जाने के कारण पहचान में नहीं आ रहा है.

होली के जश्न के दौरान धनबाद में फायरिंग, दो युवकों को लगी गोली

धनबाद जिले के धनसार थाना इलाके के बरमसिया फुटबॉल ग्राउंड में होली के जश्न के दौरान अचानक हुई फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई. डीजे बजाने और पैसे को लेकर हुआ विवाद देखते ही देखते फायरिंग में बदल गया. इस घटना में दो युवक घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है. विष्णु कुमार के पैर में गोली लगी, जबकि पुष्पक के पेट में गोली लगी है.

गिरिडीह: होली के बाद स्नान करने गए दो किशोर डूबे:

जमुआ और देवरी प्रखंड की सीमा पर स्थित गोदावरी त्रिवेणी संगम में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया.चतरो बाजार के रहने वाले दो किशोर होली खेलने के बाद नहाने के लिए नदी में उतरे थे.गहरे पानी का अंदाजा न होने के कारण दोनों डूब गए. इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है.

सरायकेला-खरसावां: हादसों और आत्महत्या का शिकार बने तीन लोग:

सरायकेला जिले में बुधवार का दिन हादसों के नाम रहा एनएच-33 पर शहरबेड़ा के पास एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से लोसो मुर्मू नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई.वहीं, कपाली क्षेत्र के डोबो पुल के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर पलटने से चालक की दबकर जान जाने की आशंका है. इसके अलावा गम्हरिया थाना क्षेत्र के निर्मल पथ में शिवानी गोराई नामक महिला ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली.

गुमला: 16 वर्षीय किशोर ने की खुदकुशी:

भरनो थाना क्षेत्र के गढ़टोली गांव में मंगलवार रात 16 वर्षीय आशीष उरांव ने घर के अंदर साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली. जिस वक्त आशीष ने यह कदम उठाया, परिजन घर में ही थे, लेकिन उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *