सिमडेगा: नगर पालिका चुनाव प्रणाली के तहत नगर की सरकार बनाने की प्रक्रिया 23 फरवरी को सुबह 7 बजे से शुरू होगी. इसके लिए जिला मुख्यालय स्थित सिमडेगा कॉलेज में बनाए गए डिस्पैच सेंटर से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया.

37 मतदान केंद्रों पर होगा मतदान
नगर निकाय चुनाव के तहत सोमवार को सिमडेगा नगर परिषद क्षेत्र के 37 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे. इससे पूर्व रविवार को सिमडेगा कॉलेज स्थित डिस्पैच सेंटर में मतदान कर्मियों के बीच मतदान सामग्री का वितरण किया गया. उन्हें सूची के अनुसार सभी आवश्यक सामग्रियां सौंपी गईं. साथ ही मतपेटिकाओं का भी वितरण किया गया. कर्मियों को निर्धारित भत्ते भी प्रदान किए गए. सामग्री प्राप्त करने के बाद कर्मियों ने सूची से उसका मिलान किया. इसके बाद सभी कर्मी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अपने-अपने निर्धारित क्लस्टर के लिए रवाना हुए. वे सुबह तड़के मतदान केंद्र पहुंचकर 7 बजे से पूर्व सभी तैयारियां पूरी करेंगे. सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होना है.
डिस्पैच सेंटर में रही चहल-पहल
डिस्पैच सेंटर में सुबह से ही काफी भीड़ देखी गई. मतदान कर्मियों के बीच सामग्री और मतपेटिका वितरण के लिए टेंट लगाए गए थे. कर्मियों को अलग-अलग कमरों में बैठाकर चुनावी प्रक्रिया को निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए गए.
DC और SP ने दिया निष्पक्षता का संदेश
डीसी सिमडेगा कंचन सिंह और एसपी सिमडेगा श्रीकांत एस खोटरे ने मतदान कर्मियों को संबोधित करते हुए चुनाव जैसे अति महत्वपूर्ण कार्य को पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ संपन्न कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की सूचना या समस्या की स्थिति में कंट्रोल रूम से संपर्क करें. मतदान दिवस पर बूथ तक सामूहिक रूप से जाएं और क्लस्टर से एक साथ रिसीविंग सेंटर वापस लौटें. उन्होंने निर्वाचन कार्य के लिए सभी को शुभकामनाएं दीं.
मतदान कर्मियों को दी गई विस्तृत सामग्री
मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए कर्मियों को मतपेटिका के अलावा वोटिंग कंपार्टमेंट, मतदाता सूची, पीठासीन पदाधिकारी की हस्तपुस्तिका, दिव्यांग मतदाताओं की सूची, मतदान प्रारंभ और समाप्ति घोषणा प्रपत्र, अमिट स्याही, कार्बन, सुई, दिया-सलाई, शालू कपड़ा, सुतली, जूट का बोरा, साइनबोर्ड, रूट चार्ट, कार्डबोर्ड, पैकिंग पेपर और मतदान अभिकर्ता नियुक्ति प्रपत्र सहित अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई.
