Simdega: सिमडेगा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मारपीट के एक पुराने मामले में 29 वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इस संबंध में जानकारी देते हुए एसडीपीओ बैजू उरांव ने बताया कि कोलेबिरा थाना कांड संख्या 11/1997 के तहत आरोपी शेख पहलवान मियां लंबे समय से फरार चल रहा था. बताया गया कि गिरफ्तारी के डर से वह ओडिशा भाग गया था, जहां वह एक अन्य हत्या मामले में जेल भी जा चुका था. बाद में जमानत पर रिहा होने के बाद वह सिमडेगा लौटा, जिसकी भनक पुलिस को लग गई. इसके बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया. एसडीपीओ ने बताया कि सिमडेगा पुलिस लंबे समय से फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान चला रही है, जिसके तहत इस तरह के मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें : झारखंड के IAS बने गांवों के भाग्यविधाता और बदलाव के नायक
