राज्यस्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता का समापन, पूर्वी सिंहभूम और रांची का दबदबा

  रांची: जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में गुरुनानक स्कूल, पीपी कंपाउंड में आयोजित दो दिवसीय 18वीं राज्यस्तरीय जूनियर एवं यूथ बॉक्सिंग...

 

रांची: जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में गुरुनानक स्कूल, पीपी कंपाउंड में आयोजित दो दिवसीय 18वीं राज्यस्तरीय जूनियर एवं यूथ बॉक्सिंग प्रतियोगिता का गुरुवार को समापन हो गया. प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया.

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के वरीय उपाध्यक्ष बलजीत सिंह बेदी मौजूद रहे. वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में रांची जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय सिन्हा (दीपू) और कार्यकारी अध्यक्ष परमजीत सिंह उपस्थित थे. अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया.

मुख्य अतिथि बलजीत सिंह बेदी ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि राज्य के बॉक्सर राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन कर झारखंड का नाम रोशन करेंगे. वहीं विनय सिन्हा ने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर मंच देना संगठन की प्राथमिकता है, ताकि वे खेल के क्षेत्र में अपना भविष्य संवार सकें। आयोजनकर्ता परमजीत सिंह ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए गुरुनानक स्कूल प्रबंधन के प्रति आभार जताया.

टीम चैंपियनशिप में पूर्वी सिंहभूम और रांची का दबदबा

प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में टीम चैंपियनशिप का खिताब पूर्वी सिंहभूम और रांची के नाम रहा. जूनियर बालक, जूनियर बालिका और यूथ पुरुष वर्ग में पूर्वी सिंहभूम की टीम चैंपियन बनी, जबकि यूथ महिला वर्ग में रांची ने खिताब अपने नाम किया.

व्यक्तिगत वर्ग के प्रमुख विजेता

यूथ पुरुष वर्ग में पूर्वी सिंहभूम के आदित्य सिंह ने चैंपियन बनते हुए शानदार प्रदर्शन किया, जबकि रांची के पाहन कुमार सिंह उपविजेता रहे. यूथ महिला वर्ग में रांची की जेसिका खेस ने स्वर्ण पदक जीतकर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया, वहीं सरायकेला की निहारिका कुमारी उपविजेता रहीं.

जूनियर बालक वर्ग में रांची के आर्यन मुखी चैंपियन बने, जबकि पूर्वी सिंहभूम के रौशन सिंह दूसरे स्थान पर रहे. जूनियर बालिका वर्ग में पूर्वी सिंहभूम की रचना कुमारी ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि पश्चिमी सिंहभूम की अनु बेदिया उपविजेता रहीं.

राष्ट्रीय प्रतियोगिता का मिलेगा मौका

प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को आगामी राष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनके करियर को नई दिशा मिलने की उम्मीद है.

प्रतियोगिता के सफल संचालन में झारखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष राजीव कुमार वर्मा, आलोक श्रीवास्तव, गुलाम जावेद सहित 47 रेफरी एवं जजों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *