सब-जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप : C डिविजन के मुकाबले समाप्त, गोवा और जम्मू-कश्मीर B डिविजन में प्रमोट

Ranchi: मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, मोराबादी में आयोजित 16वीं हॉकी इंडिया सब-जूनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप के चौथे...

Ranchi: मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, मोराबादी में आयोजित 16वीं हॉकी इंडिया सब-जूनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप के चौथे दिन शनिवार को कुल 6 मुकाबले खेले गए. इनमें C डिविजन के 2 और B डिविजन के 4 मैच शामिल रहे. चार दिनों के मुकाबलों के बाद C डिविजन के सभी मैच समाप्त हो गए, जहां गोवा और जम्मू-कश्मीर की टीमें अपने-अपने पूल में शीर्ष पर रहते हुए B डिविजन के लिए क्वालीफाई करने में सफल रहीं.

ये भी पढ़ें : भाजपा ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर साधा निशाना, कहा- ‘फर्जी मोतियाबिंद ऑपरेशन की उच्चस्तरीय जांच हो’

C डिविजन : पुडुचेरी और केरल की शानदार जीत

दिन के पहले मुकाबले में पुडुचेरी ने राजस्थान को एकतरफा अंदाज में 10-0 से हराया. टीम की गणेश्वरी गिरका ने 4 गोल दागे, जबकि चंचल ने 3 गोल किए. हरिदर्शनी, थारिनी और कानागस्री ने 1-1 गोल कर टीम की जीत को और मजबूत बनाया. दूसरे मैच में केरल ने तेलंगाना को 4-1 से पराजित किया. केरल की ओर से परमेश्वरी ने 2 गोल किए, जबकि प्रदीप निरंजना और रेशमा समद ने 1-1 गोल का योगदान दिया. चार दिनों के खेल के बाद C डिविजन की सभी 6 टीमों के मुकाबले समाप्त हो गए. इसमें गोवा और जम्मू-कश्मीर ने अपने पूल में शीर्ष स्थान हासिल कर अगले वर्ष B डिविजन में जगह बना ली.

B डिविजन: हिमाचल, तमिलनाडु और दिल्ली की जीत, एक मैच ड्रॉ

B डिविजन के मुकाबलों में उत्तराखंड और चंडीगढ़ के बीच रोमांचक मुकाबला 2-2 की बराबरी पर छूटा. चंडीगढ़ की ओर से अनु ने दोनों गोल किए, जबकि उत्तराखंड के लिए मीनाक्षी और गुनगुन कटारिया ने 1-1 गोल किया. दूसरे मैच में हिमाचल प्रदेश ने कर्नाटक को 3-1 से हराया. हिमाचल की शानवी शर्मा ने 2 गोल दागे, जबकि आयुषी ने 1 गोल किया. तीसरे मुकाबले में तमिलनाडु ने असम को 5-1 से पराजित किया. टीम की जोनिशा डेफनी एमजे ने शानदार हैट्रिक (3 गोल) लगाई, जबकि कनिष्का और जी स्वाति ने 1-1 गोल किए. दिन के अंतिम मुकाबले में दिल्ली ने दादर नागर हवेली एवं दमन-दीव को 2-1 से हराया. दिल्ली की ओर से दीपिका और आशना कंबोज ने गोल किए.

ये भी पढ़ें : भक्तों की प्रार्थना हुई सफल : महंत विद्यानंद सरस्वती जी महाराज स्वस्थ होकर लौटे, क्षेत्र में उल्लास का माहौल

आज से A डिविजन के मुकाबले की भी शुरुआत

टूर्नामेंट में अब पांचवें दिन से A डिविजन के मुकाबले भी शुरू होंगे, जबकि B डिविजन के मैच जारी रहेंगे. प्रतियोगिता का आयोजन 1 से 12 अप्रैल तक किया जा रहा है, जिसमें देशभर की टीमें हिस्सा ले रही हैं.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *