रांची: झारखंड के हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के कुसुंभा गांव में 12 साल की मासूम बच्ची के साथ हुई हैवानियत की घटना के बाद ने समाज में पनप रहे आक्रोश के बीच अब राहुल सिंह गिरोह की ओर से एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है. इस विज्ञप्ति में न केवल इस कृत्य की निंदा की गई है बल्कि सीधे तौर पर व्यवस्था को चुनौती देते हुए अपनी ओर से न्याय करने का एलान किया गया है. प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि मासूम बच्ची के साथ की गई बर्बरता इंसानियत के नाम पर कलंक है. बच्ची के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान और टूटे हुए दांत इस बात की गवाही दे रहे हैं कि अपराधियों ने किस हद तक क्रूरता की सीमाएं पार की थीं. यह घटना तब घटी जब वह बच्ची रामनवमी के मंगला जुलूस से लौट रही थी. गिरोह ने तंज कसते हुए कहा कि जहां हजारीबाग की इंटरनेशनल रामनवमी पर लाखों लोग सड़कों पर होते हैं वहीं एक बहन सुरक्षित घर नहीं पहुंच पाती. यह समाज और प्रशासन की विफलता है. विज्ञप्ति में दावा किया गया है कि पुलिस प्रशासन या राजनेता आम नागरिकों की सुरक्षा करने में असमर्थ हैं. गिरोह ने महिलाओं को स्वयं पर निर्भर बनने की सलाह देते हुए उन्हें आत्मरक्षा के लिए हथियार देने की बात कही है. राहुल सिंह गिरोह ने जनता से अपील की है कि वे इन दरिंदों की सूचना उन्हें दें.ताकि वे अपराधियों को बीच चौराहे पर सजा देंगे ताकि भविष्य में कोई ऐसी हिम्मत न कर सके.

